मुंबई। मुंबई के नायर अस्पताल में कनिष्ठ महिला चिकित्सक पर कथिततौर पर लगभग एक साल जातिगत टिप्पणी करके, काम न करने देने सहित हर जगह अपमानित कर उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने के मामले में दो और चिकित्सकों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को थोड़ी देर पूछताछ के बाद डॉक्टर भक्ति मेहारे को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि दो अन्य आरोपी हेमा अहूजा और अंकिता खंडेलवाल फरार हो गईं थीं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अहूजा और खंडेलवाल को बुधवार तड़के मध्य मुंबई की आग्रीपाडा पुलिस ने गिरफ्तार किया।’’ उन्होंने बताया कि उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आला अफसर ने बताया कि यहां के बीवाईएल नायर अस्पताल में पायल तड़वी ने जातीय टिप्पणियों से तंग आकर पिछले हफ्ते कथित रूप से खुदकुशी कर ली थी जिसके बाद तीनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
तड़वी (26) ने पिछले बुधवार ने अपने कमरे में फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद उसके परिवार ने आरोप लगाया था कि साथी डॉक्टर उसे ताने मारते थे और जातिगत टिप्पणियां करते थे क्योंकि वह अनुसूचित जनजाति से ताल्लुक रखती थी।
पायल के परिजनों समेत ‘वंचित बहुजन अघाडी’, कांग्रेस पार्टी और अन्य दलित एवं आदिवासी संगठनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया था। उधर, भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगर हमारी छोटी बहन के लिये न्याय की लड़ाई में जरूरत हुई तो वह भी महाराष्ट्र का दौरा करेंगे।
पायल की मां आबिदा ने बताया कि अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों द्वारा प्रताड़ना के बारे में वह अकसर बताया करती थी। कई दफा वे मरीजों के सामने ही पायल पर फाइलें फेंक देते थे। आबिदा के मुताबिक पायल उनके समुदाय से पहली एमडी डॉक्टर होती लेकिन कॅरियर प्रभावित होने के भय से उसने वरिष्ठ साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मंगलवार को इस मामले में पत्र लिखकर जांच की मांग की है। साथ ही आयोग ने खुद को इस घटना से ‘बहुत व्यथित’ बताया। वह मामले में मुंबई स्थित टोपीवाला मेडिकल कॉलेज और बीवाईएल नायर अस्पताल को नोटिस जारी कर चुका है।
आयोग ने कहा, ‘यह बेहद चिंता का विषय है। हमने मामले की जांच का अनुरोध किया है और अभी तक हुई कार्रवाई के बारे में भी बताने को कहा है।’ इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र महिला आयोग ने भी मेडिकल कॉलेज के डीन को पत्र लिखकर एंटी रैगिंग पर रिपोर्ट मांगी थी।
डॉ. पायल आत्महत्या मामले में दो और आरोपी महिला चिकित्सक अरेस्ट

