चेम्बूर {मुंबई} विकास धाकड़। चेंबूर में हुआ भव्य पर्यावरण विशुद्धि रैली एवं स्वागत समारोह, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वीश्री निर्वाणश्री ठाणा-६ का चेम्बूर चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश हुआ। विराट स्वागत सभा को संबोधित करते हुए विदुषी साध्वी श्री निर्वाणश्री जी ने कहा-चातुर्मास का समय अध्यात्म की आराधना के लिए सीजन का समय है। बच्चों, युवकों, प्रौढ़ों, कन्याओं, युवतियों सभी में नए उत्साह का जागरण हो। आप सभी ज्ञानाचार, दर्शनाचार, चारित्राचार आदि की आराधना के लिए स्वयं को संकल्पित करेंगे। अध्यात्म का आलोक आपके व्यक्तित्व में नई आभा प्रस्फुरित करेगा।
प्रबुद्ध साध्वीश्री डॉ.योगक्षेमप्रभाजी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा- आज के समारोह एवं रैली की भव्यता अध्यात्म के प्रति जनता के रुझान का दस्तावेज है। युवावर्ग को चार माह तक विशेष रूप से सक्रिय होना है। आज मैं आपको अध्यात्म की ABCD सीखाना चाहूंगी जिससे सबके जीवन में समन्वयात्मक सक्रियता, सौंदर्य में उज्ज्वलता शांति के साथ प्रयोगात्मकता का विकास होगा। साध्वीवृंद ने समवेत स्वरों में ‘संघ दिवाकर की ये किरणें गीत की प्रस्तुति से सबका मन मोहा। कार्यक्रम से पूर्व एक विशाल रैली उपनगर के विभिन्न मार्गो से होती हुई सिग्नेचर बिजनेस पार्क के द्वितीय तल पर विशाल जन सभा में परिवर्तित हो गई। भायंदर से पनवेल तक चारों ओर से भाई-बहनों के आगमन से नवकार बेक्वेंट होल छोटा प्रतीत होने लगा। कार्यक्रम का प्रारंभ ‘नमस्कार महामंत्र’ के समुच्चार से हुआ।
श्री महाप्रज्ञ गुरवे नमः’ के सामूहिक जप से आचार्य श्री महाप्रज्ञ को श्रद्वा समर्पित कर प्रज्ञा दिवस भी मनाया गया। सभा के कर्मठ अध्यक्ष लक्ष्मण जी कोठारी ने सबका तहे दिल से स्वागत करते हुए आचार्य प्रवर के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। साध्वीश्री के स्वागत के क्रम में स्थानीय तेयुप अध्यक्ष हिमांशु गन्ना, ते.म.मं. से ममता कच्छारा, मुंबई सभाध्यक्ष सुरेन्द्र जी कोठारी, भारत जैन महामंडल के अध्यक्ष ख्यालीलालजी तातेड़, नरेन्द्रजी तातेड़, विमलजी सोनी , तेजराजजी बम्बोली, गौतमजी डांगी ने अपने उद्गार व्यक्त किए।
तेरापंथ महिला मंडल की बहनों तथा चेम्बूर तेरापंथ सभा परिवार ने मधुरगीतों से साध्वीश्री का स्वागत किया। शासन सेवी विमलजी सोनी ने आचार्य प्रवर के मौखिक शुभसंदेश की प्रतिलिपि साध्वीश्री को उपहत की। कन्यामंडल ने एक पोस्टर भेंट किया। नगरसेविका आशा ताई ने अहो भावपूर्वक साध्वीश्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुंबई तेरापंथ सभा का एक स्पेशल पोस्टर का अनावरण किया गया। तेयुप चेम्बूर ने संयम सुपर मेराथन’ के बैनर का अनावरण किया। कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं संघ प्रभावक रहा। मुंबई सभा के शीर्षस्थ पदाधिकारियों एवं अनेक सभाओं के अध्यक्ष आदि की उपस्थिति रही। मंच संचालन सभा के पूर्व अध्यक्ष रमेशजी धोका ने कुशलता से किया।आभार ज्ञापन सभा मंत्री दिलीप मेहता ने किया ।

