मुंबई। परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी शिष्या साध्वी श्री निर्वाणश्री जी के पावन सान्निध्य में तेरापंथ महिला मंडल, चेंबूर द्वारा ‘विवेगे धम्म माहिए’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री योगक्षेमप्रभाजी द्वारा अर्हत वंदना से हुआ। तदुपरांत चेंबूर महिला मंडल की बहनों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती ममता जी कच्छारा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
इस क्वीज़ में कुल 21 बहनों ने भाग लिया। श्रीमती रिंकल जी पटवारी, श्रीमती लीना जी सिंघवी, श्रीमती वनिता जी बाफना एवं श्रीमती बेला जी डांगी ने इस क्विज़ को सुंदर रूपरेखा प्रदान की। प्रतिभागियों के 4 ग्रुप बनाए गए – मैत्री ग्रुप, प्रमोद ग्रुप, करुणा ग्रुप एवं मध्यस्थ ग्रुप। विभिन्न राउंड के साथ यह क्विज़ संपन्न हुई। साध्वी श्री निर्वाणश्री जी ने अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित इस कार्यशाला की सराहना करते हुए फरमाया कि अखिल भारतीय महिला मंडल नए-नए आयाम लेकर प्रस्तुत होती है। यह कार्यशाला बहनों को संयम के प्रति जागरूक करेगी तथा अहिंसा की ओर अग्रसर करेगी।
साध्वी श्री डॉ. योगक्षेमप्रभाजी ने भी अखिल भारतीय महिला मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य केवल जीव हिंसा से बचना ही नहीं है, बल्कि आत्मा को भी जीव हिंसा से बचाना है। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कार्यों से होने वाली हिंसा से बचना चाहिए, जैसे – नल खुला छोड़ना, शावर के नीचे नहाना, जहाँ पानी का अपव्यय होता है। चातुर्मास काल में इन बातों का विशेष ध्यान रखें। कम पानी से भी कार्य चल सकता है। भोजन बनाते समय भी कम से कम जीव हिंसा हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए तो स्वयं का संयम भी होगा।
साध्वीश्री डॉ॰ योगक्षेम प्रभाजी की प्रेरणा से वहां उपस्थित लगभग सभी बहनों ने एक महीने तक शावर के नीचे न नहाने का संकल्प लिया। साध्वी श्री जी ने यह भी फरमाया कि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ऐसे कार्यक्रम इसलिए आयोजित करती है ताकि बहनों में संयम, अहिंसा और अपरिग्रह की चेतना जागृत हो। इस प्रकार साध्वीश्री जी के प्रेरणा पाथेय और बहनों द्वारा लिए गए संकल्पों से यह क्विज़ और भी निखर गया। कार्यक्रम में मैत्री ग्रुप ने प्रथम स्थान तथा प्रमोद ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, अन्य दो ग्रुपों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन मंत्री श्रीमती पायल जी मांडोत द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम अत्यंत रोचकतापूर्वक संपन्न हुआ। रिपोर्ट :- दीपक राठौड़
चेंबूर महिला मंडल द्वारा ‘विवेगे धम्म माहिए’ ज्ञानवर्धक क्विज़ का आयोजन

