नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों की तरफ इशारा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘नकारे गए लोग भ्रम फैला रहे हैं, लेकिन लोगों का भरोसा डिगा नहीं है। उनका झूठ चलता रहेगा और हम भी चलते रहेंगे।’ यह बात पीएम मोदी ने भाजपा मुख्य दफ्तर में भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत समारोह में यह बात कही।
पीएम मोदी ने कहा, ‘चुनावी राजनीति में जनता ने जिन्हें नकार दिया, उनके पास अब बहुत कम शस्त्र बचे हैं। इनमें है झूठ फैलाना, बार-बार झूठ फैलाना। यह हम लगातार देख रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जनता ही हमारी ताकत है। उसी शक्ति ने पहली बार किसी गैर-कांग्रेसी पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया और दोबारा उससे भी मजबूत बहुमत देकर चुना।’
हम सदियों तक मां भारती की सेवा करने के लिए आए हैं
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की दूसरी विशेषता रही है कि पार्टी चले लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार को मजबूती मिलती रहे। हम सदियों तक मां भारती की सेवा करने के लिए आए हैं। जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ इस दल का जन्म हुआ है, उनको पूरा किए बिना चैन से नहीं बैठना है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल के लिए सत्ता में रहते हुए संघर्ष करना मुश्किल होता है लेकिन भाजपा के सत्ता में रहते हुए अमित शाह ने पार्टी का विस्तार किया है जो बहुत बड़ी बात है। हम किसी भी हालत में सरकार और दल के बीच की जो लकीर है उसे कभी भी खत्म नहीं होने देंगे। जो आवश्यक मर्यादाएं हैं, उनका पूरी तरह पालन करेंगे।
जेपी नड्डा पर हिमाचल से ज्यादा बिहार के लोगों का हक
इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल के लोगों को लगता होगा कि हिमाचल का एक बेटा आज भाजपा अध्यक्ष बना है लेकिन नड्डा जी पर जितना हक हिमाचल का है, उतना ही बिहार का भी है। नड्डाजी की पढ़ाई- लिखाई बिहार से हुई है। उन पर बिहार ज्यादा गर्व कर रहा होगा। हिमाचल तो गर्व कर सकता है कि अटलजी भी उन्हीं के थे। मेरे जीवन का सबसे ऊर्जा भरे दिन हिमाचल के ही थे।
लंबे वक्त तक नड्डा के साथ काम करने का मौका मिला
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें जेपी नड्डा के साथ लंबे वक्त तक काम करने का अनुभव है। नड्डा जी का नेतृत्व हमें नई प्रेरणा और ऊर्जा देगा और हम सब कार्यकर्ताओं का काम है कि नड्डा जी यशस्वी हो। नड्डा जी जो भी चाहे, हम उसे पूरा करके दें। उन्होंने कहा, ‘मुझे लंबे वक्त तक हिमाचल में काम करने का मौका मिला। मैं पार्टी का जब संगठन देखता था तो नड्डा युवा मोर्चा का काम देखते थे।
CAA को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- नकारे गए लोग फैला रहे भ्रम, लेकिन लोगों का भरोसा डिगा नहीं

