भदोही(उ.प्र.)। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे सुरक्षाबल ने अभियान चलाकर दो अवैध वेंडरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मानक के विपरीत पानी बेचने का आरोप है। अवैध वेंडरों पर आरोप है कि इनकी तरफ से रेल कोच में रेल विभाग की तरफ से निर्धारित रेल नीर के बजाय साधारण पानी बेचा जा रहा था, जो मानक के विपरीत है। मानक के विपरीत पानी बेचने पर रेलवे पुलिस ने सुदर्शन सिंह निवासी खूटहाँ,थाना इमदादपुर जिला भोजपुर आरा बिहार और दूसरे मिराज निवासी टांडा कोतवाली जिगना, मिर्जापुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जिले के वाराणसी प्रयागराज रेलखंड पर ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक चाय बेचने वाले अवैध वेंडर की तरफ से यात्रियों से मारपीट की गई थी और उनके ऊपर पत्थरबाजी की गई थी जिसमें तकरीबन आधे दर्जन रेलयात्री घायल हो गए थे और हंगामा खड़ा हुआ था। इस मामले में जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया था और दो लोगों की को गिरफ्तार किया था। घायल यात्रियों का आरोप था कि यहां अवैध वेंडरों के चलते रेल यात्रियों को यात्रा करने के दौरान भारी असुविधा होती है, जब ट्रेन खड़ी होती है तभी वेंडर चढ़ते उतरते हैं जिससे यात्री परेशान होते हैं। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर अवैध पानी का धंधा जोरों से चलता है जिसे लेकर काफी दिन से शिकायत आ रही थी। प्रयागराज के रामबाग रेलवे पुलिस के प्रभारी दयाशंकर यादव का कहना है कि इन लोगों पर मानक के विपरीत अवैध पानी को ट्रेन में बेचने का आरोप है। जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
भदोही में रेलवे पुलिस ने अभियान चला दो अवैध वेंडरों को भेजा जेल
Highlights
- ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से की गई है अवैध वेंडरों की गिरफ्तारी
- ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर पत्थरों की घटना के बाद हरकत में आई रेलवे पुलिस

