सुकमा-बीजापुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर में जो हुआ उसे लेकर भारतीय क्रिकेट भी गमगीन है. नक्सली हमले में 22 जवानों के शहीद होने से विराट कोहली से लेकर सुरेश रैना तक, सभी क्रिकेटर दुखी हैं। IPL की तैयारियों में मशगूल होते हुए भी इन क्रिकेटर्स को जब इस बड़ी घटना का पता लगा, तो इन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शोक व्यक्त किया. इतना ही नहीं इन भारतीय क्रिकेटर्स ने नक्सलियों को जवानों की ओर से करारा जवाब दिए जाने की भी उम्मीद जताई है।
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने जवानों की शहादत पर क्या कहा वो हम बताएंगे लेकिन उससे पहले इस पूरी घटना का बैकग्राउंड यानी उसकी कहानी जान लीजिए। बीजापुर के जंगलों में शुक्रवार रात नक्सलियों के मौजूद होने की खबर मिली. सूचना मिलते ही CRPF की कोबरा बटालियन, DRG और STF के संयुक्त दल को उसी रात नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया। इस मिशन में तकरीबन 2000 जवान शामिल थे।
नक्सली हमले में 22 जवान शहीद, 30 घायल
छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बीजापुर-सुकमा जिले की सीमा पर जोनागुड़ा गांव के करीब सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ करीब 3 घंटे से से भी ज्यादा चली। मुठभेड़ में CRPF के 22 जवान रविवार तक मिली जानकारी के मुताबिक शहीद हुए। जबकि 30 घायल हैं।
विराट और रैना ने जताया घटना पर शोक
विराट और रैना छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर के जंगलों में घटी इसी घटना से आहत हैं. विराट कोहली ने ट्वीट कर 22 जवानों के शहीद होने पर दुख जताया है और उनके परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की है, तो वहीं सुरेश रैना ने उन्हें असली देशभक्त बताते हुए, इस बात की उम्मीद की है कि इस पूरी घटना के पीछे के मुजरिमों को बख्शा नहीं जाएगा।
IPL 2021 की प्लानिंग
IPL 2021 के लिए विराट कोहली और सुरेश रैना दोनों अपने-अपने टीमों के कैंप से जुड़कर तैयारियों में जुट गए हैं. RCB के कप्तान विराट कोहली को पहला मैच IPL 2021 ओपनर के तौर पर 9 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से खेलना है. तो वहीं CSK के सुरेश रैना पहला मैच 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते दिखेंगे.