मुंबई:एक्टर अनिल कपूर ने अपनी सुपरहिट फिल्म तेजाब के 32 साल पूरे होने पर दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान को याद किया है। फिल्म तेजाब में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म को फैन्स ने काफी पसंद किया था और इसके सभी गाने सुपरहिट रहे थे। फिल्म के 32 साल होने पर अनिल कपूर ने एक पोस्ट शेयर करते हुए दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान को डेडिकेट किया है।
अनिल कपूर ने ट्वीट करने के साथ ही अमूल द्वारा तैयार किया गया कैरीकेचर भी शेयर किया है। जिसमें सरोज खान को ट्रिब्यूट दिया गया है। अनिल कपूर ने लिखा, ‘उस लीजेंड के लिए जिसने अपनी कला और विजन से एक, दो, तीन गानों को आइकॉनिक बना दिया था। इस पर माधुरी दीक्षित ने लिखा, हाउ ट्रू।
गौरतलब है कि सरोज खान ने ही तेजाब फिल्म के सुपरहिट गीत ‘एक दो तीन’ को कोरियोग्राफ किया था। यह गाना सुपरहिट होने के साथ ही यादगार रहा। इस आइटम सॉन्ग के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था।
आपको बता दें कि सरोज खान ने बीते 3 जुलाई को अंतिम सांस ली। वह काफी समय से बीमार चल रही थी। सरोज खान ने चार दशक में दो हजार से भी ज्यादा गाने कोरियोग्राफ किए हैं। आखिरी फिल्म उनकी ‘कलंक’ थी, जिसमें माधुरी दीक्षित को उन्होंने कोरियोग्राफ किया था। बताया जाता है कि सरोज खान तीन साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करने लगी थीं।