नई दिल्ली:पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ मई से ही जारी तनातनी के बीच भारतीय सेना की तरफ से लगातार मिसाइलों का परीक्षण किया जा रहा है। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को जहाज रोधी मिसाइल का बंगाल की खाड़ी में सफलतापूर्वक परीक्षण किया। अधिकारी ने बताया कि इससे भारत की समुद्रिक रणनीतिक तत्परता जाहिर होती है। नौसेना ने कहा कि मिसाइल ने सटीकता के साथ अधिकतम दूरी पर लक्ष्य को भेदा।
नौसेना ने ट्वीट करते हुए कहा- “बंगाल की खाड़ी में भारतीय नौसना के गाइडेड मिसाइल कॉरवेट आईएनएस कोरा ने जहाज रोधी मिसाइल की फायरिंग कर सटीकता के साथ अधिकतम दूरी पर लक्ष्य को भेदा।”
पिछले सप्ताह, नौसेना ने अरब सागर में कहीं “घातक सटीकता” के साथ एक डूबते हुए जहाज को नष्ट करने वाले जहाज रोधी मिसाइल का वीडियो जारी किया था। यह मिसाइल मेग अभ्यास के हिस्से के रूप में फ्रंटलाइन कॉरवेट आईएनएस प्रबल से फायर किया गया था। इस दौरान लड़ाकू विमान वाहक आईएनएस विक्रमादित्य के साथ कई लड़ाकू जहाज, हमले करने वाले हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान और अन्य नौसेना के हथियारों को शामिल किया गया था।
पूर्वी लद्दाख में तनाव के बीच चीन को संदेश देने के लिए भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर क्षेत्र में जवानों की तैनाती काफी बढ़ा दी है। पिछले कुछ हफ्तों के दौरान भारतीय नौसेना ने कई संयुक्त नौसैन्य अभ्यास में हिस्सा लिया है। इसके साथ ही, भारत ने जापान की नौसेना के साथ 26 सितंबर से 28 सितंबर के बीच तीन दिवसीय अभ्यास किया था।