मुंबई: वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) ने सीएए, एनआरसी और केंद्र की आर्थिक नीतियों के विरोध में आज महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। वीबीए नेता प्रकाश आंबेडकर भी मुंबई में प्रदर्शन करेंगे। इस बीच मुंबई के घाटकोपर में बंद के दौरान चार वीबीए कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं। आरोप है कि ये सड़क पर आने वाली गाड़ियों को जबरन रोक रहे थे।
आज के बंद को देखते हुए महाराष्ट्र के पुणे, ठाणे, मुंबई, नासिक, औरंगाबाद, नागपुर समेत कई जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
देश आर्थिक दिवालियेपन की राह पर: प्रकाश अंबेडकर
इससे पहले प्रकाश आंबेडकर ने सोमवार को आरोप लगाया था कि सीएए को लेकर देश में अशांति है, जिसे केंद्र सरकार जबरन लागू करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक दिवालिएपन की राह पर है। नोटबंदी और जीएसटी के साथ-साथ देश में अविश्वास का माहौल है। सरकार को पर्याप्त राजस्व नहीं मिल रहा है। केंद्र की आर्थिक नीतियां सही नहीं हैं। आंबेडकर ने राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से भी बंद में शामिल होने की अपील की है। बंद के आह्वान के सिलसिले में उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी।