मिर्ज़ापुर:सोनभद्र हत्याकांड को लेकर जबर्दस्त राजनीति हो रही है। शनिवार को पीड़ित परिवार प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने गेस्ट हाउस पहुंचा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रशासन लोगों को मिलने से रोक रहा है। इसके बाद प्रियंका गेस्ट हाउस में ही धरने पर बैठ गईं। वहीं, प्रशासन की तरफ से कहा गया कि पीड़ित परिवार के लोगों को उनकी तरफ से ही लाया गया। इससे पहले प्रियंका ने कहा था कि जब तक पीड़ितों से मिलने नहीं दिया जाएगा, मैं वापस नहीं जाऊंगी। प्रियंका पीड़ितों से मिलने जाना चाहती थीं, मगर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें शुक्रवार को मिर्जापुर के नारायणपुर गांव में ही रोक लिया था। बाद में प्रियंका को चुनार गेस्ट हाउस ले जाया गया।
प्रियंका ने कहा- गेस्ट हाउस में मुझे 24 घंटे हो गए हैं। क्या उनका (सरकार) का एक भी आदमी सोनभद्र आया। मैं प्रशासन से यही कहना चाहती हूं वे जहां चाहें (सोनभद्र या वाराणसी) पीड़ितों के परिजन से मुलाकात करवाएं। पीड़ितों से मिले बिना मैं नहीं जाऊंगी। प्रियंका ने पुलिस से पूछा- आखिर रोक क्यों रहे है। कोई तो वजह होनी चाहिए। कोई दस्तावेज दिखाइए। पुलिस ने कहा- पता करते हैं।
बुधवार को सोनभद्र में गांव के मुखिया और उसके समर्थकों ने आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया था।विरोध करने पर 10 आदिवासियों को मार दिया गया। यह मामला घोरवाल जिले में यह 90 बीघा विवादित जमीन का था।
अपडेट्स
- प्रियंका चुनार गेस्ट हाउस के पार्क में ही धरने पर बैठी हैं। प्रियंका गांधी वे कुछ पीड़ित परिवार से बातचीत कर रही हैं। पीड़ित परिवार के सदस्य और रिश्तेदार शामिल हैं। वह उनसे वह गोलीकांड की जानकारी ले रही हैं।
- कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल राम नाइक से मुलाकात की और उत्तर प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया।
- चुनार गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन की कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय और ललितेश पति त्रिपाठी से हुई तीखी नोकझोंक हुई। राय कलेक्टर से ही उलझ पड़े।
- उधर, तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को बनारस पहुंचा, जिसे एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। ये लोग भी सोनभद्र जाना चाहते थे। प्रतिनिधिमंडल में तीन सांसद और 2 विधायक हैं। एयरपोर्ट छावनी में तब्दील हो गया है। एयरपोर्ट पर उच्चाधिकारी भी मौजूद हैं। सोनभद्र के कमिश्नर ने जिले में बाहरी नेताओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है और पूरी घटना की जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप दी है।
- कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह और दीपेंद्र हुड्डा को बनारस एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया।
- यूपी भाजपा प्रमुख स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा- ये घटना कांग्रेस के कुकर्म के कारण हुई। जब-जब ये लोग सत्ता में रहे, मौत पर नंगा नाच करते रहे। आज भी प्रियंका नाटक कर रही हैं। इसी कारण वहां धरने पर बैठी हुई हैं, घड़ियाली आंसू बहा रही हैं। कांग्रेस को इससे परहेज करना चाहिए। कांग्रेस चाहती है कि उत्तर प्रदेश का माहौल बिगड़े, न कि दोषियों को सजा मिले।
‘मुश्किलें नहीं सहेंगी तो संघर्ष कैसे करेंगी’
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- यह (सोनभद्र हत्याकांड) कांग्रेस के समय का ही पाप है जो उजागर हो रहा है। हमने तो अभी ही कांग्रेस को हराकर भेजा है। हमें डर क्यों लगेगा? बताया गया कि गेस्ट हाउस में बिजली-पानी कट गया था। हालांकि प्रशासन की तरफ से ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। अगर ऐसा हुआ भी तो इतनी सी मुश्किलें नहीं सह पाएंगी तो संघर्ष कैसे करेंगी।