मुंबई:सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैलते देर नहीं लगती। सेलिब्रिटीज के बारे में भी अफवाहें उड़ती रहती हैं। सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा की हाल ही में एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें सलमान एक्ट्रेस को अंगूठी पहनाते दिखे। उनकी इस तस्वीर के साथ यह दावा किया गया कि दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। तस्वीर में सोनाक्षी मांग में सिंदूर लगाए और बिल्कुल तैयार दिखीं। हालांकि जल्द ही यह साफ हो गया कि यह फोटोशॉप्ड तस्वीर है। अब इस तस्वीर पर सोनाक्षी का रिएक्शन आया है। उन्होंने इसे बेवकूफी भरा बताया।
वायरल हुई तस्वीर में सलमान खान ने व्हाइट शर्ट और बेज कलर का कोट पहना हुआ है। जबकि सोनाक्षी लाल रंग की साड़ी में हैं। उन्होंने हैवी ज्वैलरी कैरी की है। तस्वीर को ध्यान से देखने पर साफ हो जाता है कि यह एक फेक फोटो है। Reddit पर शेयर की गई एक पोस्ट के मुताबिक सोनाक्षी ने ऐसे ही एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है।
सोनाक्षी ने लिखा, ‘क्या आप इतने बेवकूफ हैं कि आप असली और मॉर्फ्ड (बदली गई) तस्वीर में फर्क नहीं बता सकते।‘ आगे उन्होंने हंसी वाला इमोजी शेयर किया। एक यूजर ने सोनाक्षी के कमेंट पर लिखा, ‘आप रिप्लाई क्यों कर रही हैं?’ एक यूजर लिखते हैं, ‘वे अटेंशन चाहते हैं और आप उन्हें दे रही हैं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘मुझे खुशी है आपने इस पर बोला। इस तरह के गॉसिप पेज को बंद करना चाहिए।’
सोनाक्षी सिन्हा की आने वाली फिल्म ‘डबल एक्सएल’ है। इसमें उनके साथ हुमा कुरैशी की मुख्य भूमिका है। फिल्म फैट शेमिंग के मुद्दे पर आधारित है। वह आखिरी बार ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ में नजर आई थीं।