वॉशिंगटन:अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने नागरिकों से यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, बाइडेन के कहा कि अमेरिकी नागरिक यूक्रेन अब छोड़ दें। यूक्रेन में रूसी आक्रमण के खतरे को देखते हुए राष्ट्रपति बाइडेन ने यह अपील की है।
उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि हम एक आतंकवादी संगठन से डील कर रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में से एक से जुड़ा यह मामला है। यह बहुत अलग स्थिति है और चीजें जल्दी से क्रेजी हो सकती हैं।”
बाइडेन बोले- यूक्रेन में अमेरिकी सैनिकों को नहीं भेजेंगे
बाइडेन ने दोहराया कि वह किसी भी हालात में यूक्रेन में अमेरिकी सैनिकों को नहीं भेजेंगे। यहां तक कि रूसी आक्रमण के बाद फंसे अमेरिकियों को बचाने के लिए भी। उन्होंने कहा, “यह विश्व युद्ध होगा। जब अमेरिकी और रूसी एक-दूसरे को गोली मारना शुरू कर देंगे हैं, हम एक बहुत ही अलग दुनिया में हैं।”
शीत युद्ध के बाद से वॉशिंगटन-मास्को के बीच तनाव अपने उच्चतम स्तर पर है। कुछ अमेरिकी अनुमानों में कहा गया है कि करीब 1,30,000 रूसी सैनिकों को यूक्रेन के साथ लगी सीमा के पास तैनात हैं, जिन्हें दर्जनों लड़ाकू ब्रिगेडों में बांटा गया है।
यूक्रेन के उत्तर में रूसी सैनिकों की सैन्य गतिविधियां
इस बीच, यूक्रेन के उत्तर में स्थित बेलारूस में रूसी सैनिकों की सैन्य गतिविधियां देखने को मिली। वहीं, यूक्रेन की सीमा के पास रूस के एक लाख से अधिक सैनिकों का जमावड़ा है। गुरुवार को ब्रिटिश रॉयल एयर फोर्स का एक लड़ाकू विमान 350 सैनिकों को लेकर पोलैंड में उतरा।