कानपुर: नर्वल में मासूम से दरिंदगी की सभी हदें पार कर दी गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने निर्दयता की कहानी बयां कर दी। हत्यारों ने बच्चे की आंख कील घोंपकर फोड़ दी थी। पोस्टमार्टम के दौरान छह इंच की कील बरामद हुई। इससे रेटिना और लेंस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। चेहरे पर सिगरेट से जलाए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं मासूम के साथ कुकर्म भी हुआ था। उसके लिए स्लाइड बनाई गई है।
मासूम का शव मंगलवार की सुबह खेत से बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे मोर्चरी में भिजवा दिया था। बुधवार तक सरकारी कागजातों में देरी होने के कारण पोस्टमार्टम दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू हो सका। पुलिस की तरफ से पंचायतनामा नहीं आ पाने के कारण देरी हुई थी। इस पर परिजनों ने पोस्टमार्टम में हंगामा भी किया। मगर वहां मौजूद अन्य लोगों ने परिजनों को शांत कराया। उर्सला अस्पताल के डा. वीकेएस कटियार और डा. राजेश वर्मा के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया।
मासूम की मौत सिर पर वजनी वस्तु से प्रहार से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मौत का कारण हेड इंजरी है। उसके सिर पर वार किया गया था। जिससे सिर की चार हड्डियां टूट गईं और वह कोमा में चला गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
हत्या करने वाले मासूम को मारने की नीयत से ही घटना को अंजाम दे रहे थे। पहले आरोपितों ने मासूम का हाथों से गला दबाने का प्रयास किया। पोस्टमार्टम में स्ट्रेंग्यूलेशन की भी पुष्टि हुई है और मासूम के गले में निशान भी मिले हैं। इसके बाद भी जब उन्हें संतुष्टि नहीं हुई तो आरोपितों ने उसके सिर पर भारी हथियार से वार कर दिया।
मासूम को मार डालने से पहले दरिंदे ने उसे बेरहमी से पीटा भी था। सिर, हाथ, पेट, छाती, जांघ समेत कई अंगों पर चोटों के करीब दो दर्जन निशान मिले हैं।
मासूम के साथ हुआ कुकर्म और सुडोमी
पोस्टमार्टम में मासूम से कुकर्म की पुष्टि भी हुई। यहां तक के उसके शरीर के पिछले हिस्से में फोरन पार्टिकल के जरिए डैमेज होने की भी पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के मुताबिक पिछले हिस्से की मांस पेशियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ तौर पर इसे नहीं लिखा गया है। इसकी पुष्टि के लिए डाक्टरों ने मासूम की स्लाइड बनवाई है।
दो दिन पहले ही कर दी थी हत्या
मासूम की हत्या सोमवार को ही कर दी गई थी। पोस्टमार्टम में शव तीन दिन पुराना बताया गया है। इसके साथ ही पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि घटना से पहले मासूम साइकिल के टायर से खेल रहा था। लाही के खेत में जहां शव मिला वहीं पास में एक दूसरे खेत में पुलिस ने साइकिल का टायर भी बरामद कर लिया है।
नजफगढ़ में दफनाया गया
पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन मासूम के शव को गांव नहीं ले गए। पुलिस सुरक्षा के बीच उसका शव नजफगढ़ घाट ले जाया गया। वहां पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को दफना दिया गया।
एसपी कानपुर आउटर अजीत सिन्हा ने कहा, ‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुकर्म को लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं लिखा गया है। रिपोर्ट पर मेडिकल विशेषज्ञ की राय ली जाएगी। उनकी राय को विवेचना में शामिल करते हुए एफआईआर में कुकर्म की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।’