मुंबई:शहर भर में बढ़ते कोविड-19 मामले के मद्देनजर, बृहन्मुंबई नगर निगम ने विवाह पंजीकरण सेवा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। बीएमसी ने एक प्रेस नोट में कहा, “मुंबई में मौजूदा कोविड-19 स्थिति के कारण विवाह पंजीकरण सेवा अस्थायी रूप से बंद हो गई। अप्वाइंटमेंट, तिथि और समय की सुविधा के साथ जल्द ही सेवा को फिर से शुरू किया जाएगा।” इसने कहा, “बृहन्मुंबई नगर निगम एक वीडियो केवाईसी विकल्प के प्रावधान की भी तलाश कर रहा है।”
क्या है मुंबई में कोरोना का हाल
मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान किए गए 57,534 परीक्षणों में से कोविड-19 के 7,895 नए मामले दर्ज किए गए थे। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के बुलेटिन के अनुसार, मुंबई में इस बीमारी के कुल मामलों की संख्या 9,99,862 हो गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान इस वायरस के कारण 11 लोगों की जान चली गई और मरने वालों की संख्या 16,257 हो गई है। शहर में 60,371 सक्रिय मामले हैं। बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में 21,025 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं, जिससे कुल ठीक होने वालों की संख्या 9,20,383 हो गई है।
इसने कहा कि पिछले 24 घंटों में 688 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिससे कुल अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या 5,722 हो गई। मुंबई में कुल 38,127 बेड हैं। मौजूदा बेड ऑक्यूपेंसी रेट 15.0 फीसदी है। इस बीच, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 41,327 नए मामले सामने आए और 29 मौतें हुईं। राज्य के स्वास्थ्य बुलेटिन में रविवार को कहा गया कि वर्तमान में राज्य में 8 ओमिक्रॉन वैरिएंट की सूचना मिली है, जिससे मामले की संख्या 1,738 हो गई है।