मुंबई। महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में शासनश्री साध्वी श्री कंचनप्रभा जी और शासनश्री साध्वी श्री मंजु रेखा जी आदि ठाणा-5 के सान्निध्य में अणुव्रत सप्ताह के अंतर्गत नशामुक्ति दिवस का आयोजन हुआ। मुंबई अणुव्रत समिति के संयोजक श्रीमान नरेंद्र जी मुनोत ने बताया कि धोबीघाट, महालक्ष्मी, दक्षिण मुंबई पर रैली के साथ नशामुक्ति अभियान को समझाते हुए कई लोगों ने आजीवन नशा नहीं करने का संकल्प किया।
साध्वी श्री कंचनप्रभा जी ने कहा—“नशा का नाम ही विनाश है। हमने अनुभव किया है कि जहाँ नशा है, वहाँ शरीर, मन और तन तीनों बीमार हो जाते हैं। शराब पीने के बाद इंसान कभी संभल ही नहीं पाता कि मैं किसके साथ क्या कर रहा हूँ या बोल रहा हूँ।”
साध्वी श्री मंजु रेखा जी ने कहा—“जब-जब नशे ने अपना रंग दिखाना शुरू किया, तब-तब पारिवारिक जीवन शैली में मोड़ ही नहीं आया, पूरा परिवार समस्याग्रस्त हो जाता है। यह एक ऐसी बीमारी है, जो लगने के बाद छूटती नहीं है। पूरा विश्व इस नशे के नुकसान से घबराया हुआ है। इसको कम करने के लिए योग, प्रयोग और ध्यान ही श्रेष्ठ हैं।”
साध्वी श्री निर्भय प्रभा जी ने अच्छे प्रयोगों के द्वारा बताया कि इन प्रयोगों को करने से आप व्यसनमुक्त हो सकते हैं। साध्वी वृंद ने सुंदर गीत प्रस्तुत किया।
अणुव्रत उद्घोषण सप्ताह: कालबादेवी में नशामुक्ति दिवस का आयोजन

