नई दिल्ली:दिल्ली के मॉल, मंदिर, होटल पर लगी पाबंदी आठ जून से हट जाएगी। मेट्रो को छोड़कर दिल्ली सरकार के लगभग सभी सुझावों को केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्थायी लॉकडाउन रखना संभव नहीं है।
दिल्ली में 65 दिनों से अधिक समय से बंद मॉल व धार्मिक स्थल खोले जाएंगे। केंद्र ने दिल्ली सरकार के इस सुझाव को मान लिया है। अब दिल्ली सरकार इस संबंध में अपनी गाइडलाइन जल्दी जारी करेगी। सूत्रों की मानें तो सरकार फिलहाल दिल्ली में छोटे धार्मिक स्थल खोलने को लेकर ही मंजूरी देगी।
वहीं, मॉल में दुकानें सम-विषम के नियमों के तहत खोली जा सकती हैं, ताकि ज्यादा भीड़ न जुट सके। कंटेनमेंट जोन में पहले की तरह सभी पाबंदियां लागू रहेगी। वहां किसी तरह की छूट नहीं मिलेगी। दिल्ली में इस समय 122 केंटेनमेंट जोन है।
आवाजाही में राहत संभव : दिल्ली से एनसीआर के शहरों में आवाजाही आसान हो सकती है। केंद्र के नए नियम के तहत पास की जरूरत नहीं पड़ेगी। पड़ोसी राज्य भी अगर अनुमति दे दें तो सीमा पर अक्सर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

