नई दिल्ली:लॉकडाउन के बीच जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का सफाया लगातार जारी है। कुलगाम जिले के वानपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ का ज्वाइंट ऑपरेशन था। आतंकियों के पास से सुरक्षाबलों ने हथियार भी बरामद किए हैं।
सेना ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। इससे पहले हाल ही में कुलगाम जिले के मंजगान इलाके में एक एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने दो और आतंकवादियों को मार गिराया था।
श्रीनगर में दो आतंकियों को किया था ढेर
वहीं, इसी महीने के मध्य में श्रीनगर के नवाकदल इलाके में सुरक्षाबलों का आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। देर रात शुरू हुए एनकाउंटर में हिज्बुल मुजाहिद्दीन के दो आतंकवादी मारे गए थे। वहीं, तीन सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए थे। सुरक्षाबलों को मौके से हथियार भी बरामद हुए।
एनकाउंटर उस वक्त शुरू हुआ था, जब इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान की शुरुआत की थी। रात करीब 2 बजे दोनों ओर से फायरिंग शुरू हुई और पांच घंटे तक चलती रही। सुबह 8 बजे एक बार फिर गोलीबारी शुरू हो गई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई में दो आतंकवादी ढेर हो गए थे।

