वॉशिंगटन: दुनिया में अब तक 58 लाख 52 हजार 599 लोग संक्रमित हैं। 25 लाख 39 हजार 914 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 59 हजार 805 हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोनावायरस को लेकर एक बार फिर चीन पर आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि कोरोनावायरस दुनियाभर के लिए चीन की तरफ से एक बुरा गिफ्ट है।
ट्रम्प ने कहा कि हम बहुत बुरी दहलीज पर पहुंच गए हैं। उन्होंने संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवार और दोस्तों के प्रति सहानुभूति भी जताई। अमेरिका में महामारी से एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
| देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 17,56,161 | 1,02,712 | 4,94,667 |
| ब्राजील | 4,18,608 | 25,935 | 1,66,647 |
| रूस | 3,79,051 | 4,142 | 1,50,993 |
| स्पेन | 2,83,849 | 27,118 | 1,96,958 |
| ब्रिटेन | 2,69,127 | 37,837 | उपलब्ध नहीं |
| इटली | 2,31,732 | 33,142 | 1,50,604 |
| फ्रांस | 1,82,913 | 28,596 | 66,584 |
| जर्मनी | 1,82,313 | 8,555 | 1,63,200 |
| तुर्की | 1,60,979 | 4,461 | 1,24,369 |
| भारत | 1,65,348 | 4,710 | 70,786 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अपडेट्स
- ब्रिटेन सरकार सोमवार से लॉकडाउन में ढील देने जा रही है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसकी जानकारी दी है।
- जार्डन में पांच जून से मस्जिद और चर्च खोले जाएंगे। हालांकि, यहां सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना जरूरी होगा।
- फ्रांस की सरकार ने दो जून से कुछ प्रतिबंधों के साथ रेस्टोरेंट और बार खोलने की इजाजत दे दी है। प्रधानमंत्री एडवर्ड फिलिप ने गुरुवार को कहा कि ग्रीन जोन में रेस्टोरेंट पूरी तरह खुलेंगे, जबकि ऑरेंज जोन में ग्राहकों को रेस्टोरेंट के अंदर बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
- स्कॉटलैंड में लोगों को आपस में मिलने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, यह हिदायत दी गई है कि आठ से ज्यादा लोग ग्रुप बनाकर इकट्ठा न हों।
- संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफपी) ने कहा है कि महामारी के कारण लैटिन अमेरिका और कैरिबियन देशों के 1.4 करोड़ लोगों पर भूख का खतरा मंडरा सकता है
द.कोरिया: 79 नए केस मिले
दक्षिण कोरिया में बुधवार को 79 नए केस मिले हैं। 5 अप्रैल के बाद पहली बार इतना केस मिला है। माना जा रहा था कि दक्षिण कोरिया ने महामारी पर नियंत्रण पा लिया है। लेकिन, यहां पाबंदियों में ढील देने के बाद मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। अधिकारियों को संक्रमण की दूसरी लहर का डर है।
खाड़ी देशों में 2 लाख से ज्यादा संक्रमित
खाड़ी देशों में संक्रमण का आंकड़ा दो लाख के पार हो गया है। यहां सऊदी अरब में सबसे ज्यादा 80 हजार 185 मामले सामने आए हैं, जबकि 441 लोगों की मौत हो चुकी है। सऊदी में सरकार ने प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है। खाड़ी देशों में कुवैत, कतर, बहरीन, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश हैं।
अमेरिका: 24 घंटे में करीब 1500 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में लगभग 1500 मौतें हुई हैं, जबकि 20 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। यहां मौतों का आंकड़ा एक लाख 2 हजार से ज्यादा हो गया है। वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान और कोरिया की 44 साल की लड़ाई में जितनी जान गई, 3 महीने में करीब उतनी ही मौतें अमरिका में हुई हैं। वॉशिंगटन डीसी में शुक्रवार से स्टे-ऐट-होम ऑर्डर हटाया लिया जाएगा। मेयर म्युरियल बॉउजर ने बुधवार को इसकी घोषण की।
अमेरिका रूस को 150 वेंटिलेंटर और भेजेगा
अमेरिका रूस को शनिवार को 150 वेंटिलेटर्स और भेजेगा। वाययर मेडिकल कंपनी के प्रतिनिधि पैट्रिक ओ’कॉनर ने इसकी जानकारी दी। कॉनर ने बताया कि 150 और एलटीवी 2200 वेंटिलेटर्स शनिवार को भेजे जाएंगे। पिछले हफ्ते अमेरिका ने 50 वेंटिलेटर्स भेजे थे। अमेरिका रूस को कुल 50 लाख 60 हजार डॉलर के उपकरण भेजेगा।
ब्राजील: 4.14 लाख संक्रमित
ब्राजील में 24 घंटे में 1086 लोगों ने दम तोड़ा है। यहां मौतों का आंकड़ा 25 हजार 697 हो गया है, जबकि मरीजों की संख्या 4 लाख 14 हजार से ज्यादा हो गई है। यह अमेरिका के बाद दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश है।
ब्रिटेन ने उत्तर कोरिया में अपना दूतावास अस्थायी रूप से बंद किया
ब्रिटेन ने उत्तर कोरिया में अपना दूतावास अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसके साथ ही अपने पूरे स्टॉफ को वापस बुला लिया है। फ़ॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिश (एफसीओ) के अनुसार कोरिया में महामारी के चलते कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके कारण काम प्रभावित हो रहा था।
चीन: बिना लक्षण वाले 23 नए मरीज मिले
चीन में बिना लक्षण (एसिम्प्टमैटिक) वाले 23 नए मरीज मिले हैं। इनमें से ज्यादातर चीन में महामारी का एपिसेंटर रहे वुहान शहर के हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, दो मामले विदेशी नागरिकों के हैं। इनमें से एक केस शंघाई और दूसरा फुजियान प्रांत का है। वहीं, 23 एसिम्प्टमैटिक केस में से 19 वुहान शहर के हैं। चीन में मिले 413 एसिम्प्टमैटिक केस में से 344 वुहान के हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
जापान: 41 नए केस मिले
जापान में बुधवार को संक्रमण के 41 नए केस मिले हैं और 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, टोक्यो में 11 नए केस मिले, जबकि चार लोगों की मौत हुई है। सरकार ने कुछ दिनों पहले ही पूरे देश से इमरजेंसी हटाई है। उधर, किताकुशु के महापौर केनजी कीताशी भी जापान में संक्रमण की दूसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी कर चुके हैं।
तुर्की: 1035 मामले सामने आए
तुर्की में 1035 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 59 हजार 797 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री फाहरेतिन कोजा ने बुधवार को बताया कि 24 घंटे में 34 लोगों की मौत हुई है। अब तक यहां 4431 लोग जान गंवा चुके हैं। 24 घंटे में 1286 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। एक दिन में यहां कोरोना के 21,043 टेस्ट किए गए हैं। अब तक कुल 18 लाख 94 हजार 650 टेस्ट हो चुके हैं।

