गिद्दड़बाहा । आज के दौर में जब युवा पीढ़ी अपनी पहचान बनाने, आधुनिक जीवनशैली और भौतिक उपलब्धियों की दौड़ में आगे बढ़ने में जुटी है, ऐसे समय में 22 वर्षीय सुश्री भूमि जैन ने तप और त्याग के क्षेत्र में एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो विशेष रूप से Gen Z के युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकता है। जिस उम्र में युवा अपनी इच्छाओं और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हैं, उस उम्र में भूमि ने आत्मसंयम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए 186 एकासन तप की कठिन आराधना संपन्न की। तप केवल शरीर को कष्ट देने का उपक्रम नहीं, बल्कि मन पर नियंत्रण, इच्छाओं पर संयम और आत्मशुद्धि की दिशा में बढ़ाया गया संकल्पपूर्ण कदम है। जब यह साधना छोटी उम्र में दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट श्रद्धा के साथ संपन्न होती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। ऐसा ही अनुकरणीय उदाहरण भूमि जैन ने प्रस्तुत किया है। उनकी यह तपस्या बताती है कि युवा अवस्था केवल सपने देखने और भौतिक लक्ष्य हासिल करने की उम्र नहीं, बल्कि आत्मविकास, आध्यात्मिक उन्नति और संयम की साधना का भी महत्वपूर्ण समय है।
भूमि जैन की इस उल्लेखनीय तपस्या के उपलक्ष्य शनिवार को में श्री एस.एस. जैन सभा, गिद्दड़बाहा के जैन स्थानक में भव्य ‘अनुमोदना उत्सव’ आयोजित किया गया। समारोह में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने जयकारों के साथ तपस्विनी की साधना की अनुमोदना करते हुए उनके तपोबल और आत्मसंयम की सराहना की।
भूमि जैन ने श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य गुरुदेव श्री दिनेश मुनि जी म.सा., पूज्य डॉ. श्री द्वीपेन्द्र मुनि जी म.सा. एवं पूज्य डॉ. श्री पुष्पेन्द्र मुनि जी म.सा. के मंगलमय आशीर्वाद से 186 एकासन तप की आराधना संपन्न की। एकासन तप में निर्धारित समय पर एक ही बार बैठकर आहार ग्रहण किया जाता है। इस साधना में आहार संयम, समय की मर्यादा, नियमितता और मानसिक दृढ़ता का विशेष महत्व होता है। लगातार 186 दिनों तक इस तप-नियम का पालन करना धैर्य, आत्मबल और संकल्पशक्ति की उल्लेखनीय साधना है।
युवाओं के लिए तपस्या बनी प्रेरक संदेश
इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य श्री दिनेश मुनि जी महाराज ने कहा कि तप करना अत्यंत कठिन कार्य है। इसके लिए केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और निरंतर संकल्प की आवश्यकता होती है। भूमि ने इतनी छोटी उम्र में 186 एकासन तप करके सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी यह साधना विशेष रूप से आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। जीवन की वास्तविक उपलब्धि केवल भौतिक सफलता और सुविधाओं में नहीं, बल्कि स्वयं पर नियंत्रण रखने, इच्छाओं को मर्यादित करने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने में भी है। तपस्या व्यक्ति के भीतर सहनशीलता, धैर्य और आत्मानुशासन के गुणों को विकसित करती है।
समारोह का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने तपस्विनी भूमि जैन के सम्मान में जयकारे लगाए। जैन समाज की ओर से उन्हें बहुमान हार, माला एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में गिदडबाहा नगर कौंसिल के चेयरमेन व सभा के प्रधान गौरव जैन, मंगल प्रदेश के अध्यक्ष सुभाष जैन तथा सोनिया -आँचल जैन ने संयुक्त भजन गाकर सभा को भावविभोर किया व साथ ही चारवी जैन, नीलम जैन ने तपस्वी की अनुमोदना के गीतों को गुंजायमान किया।
इस अवसर पर मंगल प्रदेश के प्रधान श्री सुभाष जैन, गिदडबाहा सभा के सरपरस्त श्री विलायतीराम जैन, सभा के प्रधान श्री गौरव जैन ‘चीनू’, मंत्री श्री विजय जैन, श्री भूषण जैन, श्री मनोज जैन ‘मंगी’ सहित अन्य पदाधिकारी ने तपस्वी को सम्मानित किया व साथ ही महिला मंडल, ब्राह्मी सुंदरी बहू मंडल एवं वर्द्धमान जैन नवयुवक मंडल के सदस्यों ने भी तपस्विनी का अभिनंदन किया। समारोह में लुधियाना, मेरठ, अंबाला, रायकोट, फरीदकोट, नादौन इत्यादि शहरों से श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पारिवारिक परिचयरू सुश्री भूमि जैन, सुश्रावक श्री राकेश कुमार जैन ‘कीमती’ की सुपौत्री तथा सौभाग्यवती श्रीमती अणु जैन एवं श्री श्रेयांस जैन की सुपुत्री हैं। उनका परिवार हिमाचल प्रदेश के नादौन का निवासी है।
भूमि की 186 एकासन की यह तप-साधना केवल व्यक्तिगत धार्मिक उपलब्धि नहीं, बल्कि समूची युवा पीढ़ी के लिए आत्मचिंतन का अवसर है। आज के युवाओं के लिए यह समझने का समय है कि जिस इच्छाशक्ति और समर्पण से वे अपने करियर एवं जीवन के लक्ष्य प्राप्त करते हैं, उसी ऊर्जा का उपयोग आत्मविकास, संयम और धर्माराधना में भी कर सकते हैं। Gen Z के लिए भूमि का संदेश स्पष्ट हैकृसच्ची सफलता केवल दुनिया को जीतने में नहीं, बल्कि स्वयं पर विजय प्राप्त करने में है।
Gen Z के दौर में 22 वर्षीय भूमि जैन की तप-साधना बनी प्रेरणा, 186 जैन एकासन कर रचा अनुकरणीय उदाहरण
Highlights
- आधुनिक युवा पीढ़ी के सामने संयम, संकल्प और आत्मानुशासन का संदेश; अनुमोदना उत्सव में जैन समाज ने किया तपस्विनी का अभिनंदन

