नई दिल्ली:कोरोना वायरस को लेकर भारत समेत पूरी दुनिया में हाहाकार मचा है। चीन से फैले इस लाइलाज महामारी कोविड-19 के मरीजों की संख्या भारत में लगाता बढ़ रही है। इसके वायरस के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से आज भारत में जनता कर्फ्यू लागू शुरू हो गया है और यह आज रात नौ बजे तक जारी रहेगा। कोरोना से बचाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील करने के बाद देश में आज यानी रविवार को एक अभूतपूर्व बंद है। जनता कर्फ्यू के तहत देश में सुबह 7 बजे से लेकर रात नौ बजे तक लोग घरों में ही रहेंगे और इसका पालन करेंगे ताकि खतरनाक कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके। जनता कर्फ्यू के तहत लोगों से यह अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से कोरोनो वायरस के प्रसार को रोकने के लिए घरों में ही रहें जबकि इस दिन सार्वजनिक परिवहन सेवा निलंबित कर दी जाएगी या इसमें कमी कर दी जाएगी और आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानों के अलावा अन्य सभी बाजार और दुकानें बंद रहेंगी।
पीएम मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने पार्टी लाइनों से ऊपर उठते हुए लोगों से सुबह 7 से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू का पालन करने का आग्रह किया। बता दें कि संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए सामाजिक मेलजोल से दूरी बनाना जरूरी है क्योंकि कोरोना के मामले बढ़ गए हैं। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 315 हो गई है। तो चलिए जानते हैं कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में जनता कर्फ्यू से संबंधित सारे लाइव अपडेट्स…
– दिल्ली: रिंग रोड स्थित मजनू का टीला के पास बिल्कुल सन्नाटा पसरा हुआ है। जो लोग दिख रहे हैं पुलिस उन्हें फूल देकर घर जाने की प्रार्थना कर रही है।
-दिल्ली: सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन के पुलिकर्मी जनता कर्फ्यू का समर्थन करने के लिए लोगों से अपील कर रहे हैं और लोगों को फूल देकर घर वापल लौटने को कह रहे हैं।
– गोरखपुर में जनता कर्फ्यू को लेकर लोग कल से ही जागरूक हैं। आज सुबह से ही सड़कों, गलियों, मोहल्लों, कालोनियों हर जगह सन्नाटा पसरा है। ट्रेनें-बसें भी बंद हैं लेकिन कल से चल रही कुछ ट्रेनें आज सुबह जब गोरखपुर स्टेशन पहुंची तो वहां पहले से मौजूद डॉक्टरों ने यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच की। मास्क लगाए पुलिसकर्मी भी लोगों से आपस में कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर स्टेशन से निकलने की अपील करते नजर आए।
– कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में आज पूरे देश में जनता कर्फ्यू शरू हो गया। यह रात नौ बजे तक जारी रहेगा। 19 मार्च को पीएम मोदी ने देश के नाम संबोधन में इसकी अपील की थी।

