मुंबई: मंगलवार को आरबीआई के अधिकारियों और पीएमसी बैंक के ग्राहकों के बीच फिर एक बार बात हुई और आरबीआई ने किसी भी तरह के राहत के आश्वासन से इनकार कर दिया। पंजाब और महाराष्ट्र कॉपरेटिव बैंक के ग्राहकों ने मंगलवार दोपहर मुंबई में फिर एक बार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता किरीट सोमैया का घेराव किया और उनके खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की।
किरीट पीएमसी बैंक के ग्राहकों के साथ आरबीआई के मुंबई और सेंट्रल डिवीजन के अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। ग्राहकों ने बैंक में जमा उनके पूरे पैसों को सुरक्षित किए जाने। साथ ही बैंक के विलीनीकरण और जमा पैसों को ग्राहकों को देने की बात को लेकर चर्चा की। हालांकि, एक घंटे की चर्चा के बावजूद आरबीआई की ओर से कोई भी आश्वासन नहीं मिलने से लोग नाराज हो गए। किरीट ने लोगों को आश्वासन दिया है कि वे इस मुद्दे को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी चर्चा के लिए रखेंगे।
किरीट सोमैया से नाराज बैंक की एक महिला ग्राहक ने कहा, ‘उन्हें (किरीट) किसी ने भी प्रदर्शन में नहीं बुलाया था। वे अपनी मर्जी से यहां अपने एजेंडे के लिए आये थे। उन्होंने हमारे सामने कुछ बातें कि और मीडिया के सामने कुछ और कहा। हम इस मुद्दे का राजनीतीकरण नहीं चाहते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे जमा पैसे हमें मिल जाएं।’

