पुणे: परली विधानसभा सीट पर अपनी चचेरी बहन व भाजपा प्रत्याशी पंकजा मुंडे को शिकस्त देने वाले धंनजय मुंडे के पुणे के एक फ्लैट को सहकारी बैंक ने जब्त कर लिया है। शिवाजीराव भोसले सहकारी बैंक ने लोन ली गई 70 लाख रुपये की राशि को नहीं चुका पाने की वजह से फ्लैट को जब्त कर लिया। धनंजय ने कहा है कि वह चुनाव नें व्यस्त थे और अब आगे देखेंगे कि उन्हें क्या करना है। मुंडे अभी महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता हैं।
धनंजय मुंडे की सफाई
बैंक की इस कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता मुंडे ने कहा, ‘मैंने विधानसभा चुनावों से पहले ही बैंक के अधिकारियों को बताया था कि अभी मैं चुनाव में व्यस्त हूं। चुनाव बीतने के बाद मैं इस मामले को निपटा दूंगा। अब मैं कल फैसला लूंगा कि बैंक की इस कार्रवाई के बारे में क्या करना है।’
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव में धनंजय मुंडे ने अपनी चचेरी बहन और पूर्ववर्ती सरकार में कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे को हरा दिया था। बीड जिले के परली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले धनंजय को 1,21,186 मत मिले, जबकि उनकी चचेरी बहन पंकजा को 90,418 मत मिले। बीजेपी-शिवसेना सरकार के पांच साल के कार्यकाल में पंकजा और धनंजय मुंडे के बीच कट्टर प्रतिद्वंद्विता रही।

