नई दिल्ली: भारत के स्टार शूटर संजीव राजपूत आईएसएसएफ विश्व कप में मामूली अंतर से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए. उन्होंने 50 मीटर 3 राइफल पोजीशन इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. हालांकि, भारत के लिए खुशी की बात यह रही कि संजीव सिल्वर जीतकर भी देश के लिए ओलंपिक कोटा ले आए. यह भारत का शूटिंग में आठवां ओलंपिक कोटा है.
38 साल के संजीव राजपूत ने शूटिंग वर्ल्ड कप में गुरुवार को शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 50 मीटर 3 राइफल पोजीशन इवेंट के फाइनल में 462.0 अंकों पर निशाना साधा. हालांकि, वे क्रोएशिया के पीटर गोर्सा से (462.2) से महज 0.2 अंक पीछे रह गए. इस कारण भारतीय शूटर को सिल्वर और क्रोएशियाई शूटर को गोल्ड मेडल मिला. आईएसएसएफ विश्व कप ब्राजील के रियो डी जनेरियो में चल रहा है.
भारत 50 मीटर 3 राइफल पोजीशन इवेंट में गोल्ड मेडल नहीं जीत पाया, लेकिन उसने इसकी भरपाई 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में कर ली. युवा निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने इस इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता. भारत के ही सौरभ चौधरी को इस इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल मिला.
अभिषेक वर्मा, संजीव राजपूत और सौरभ चौधरी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत रियो में आयोजित शूटिंग वर्ल्ड कप में पहले स्थान पर पहुंच गया है. उसने दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं. भारत के लिए इससे पहले बुधवार को ईलावेनिल वालारिवन ने महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था. 20 वर्षीय ईलावेनिल ISSF वर्ल्ड कप की इस कैटेगरी में गोल्ड जीतने वाली तीसरी भारतीय हैं.
संजीव राजपूत ने भारत को Shooting में दिलाया 8वां ओलंपिक कोटा

