नई दिल्ली: पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में धमाकों की साजिश रच रहा है। खुफिया विभाग के हवाले से बुधवार को मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया। भारत में हमलों के लिए लश्कर वाराणसी में अपना बेस कैंप बनाने की फिराक में है।
इंटेलिजेंस के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी आतंकी उमर मदनी और एक नेपाली मूल का आतंकी 7 मई से 11 मई के बीच वाराणसी के गेस्ट हाउस में रुके थे। दोनों क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए लश्कर का नेटवर्क बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
लश्कर में नए आतंकियों की भर्ती करता है मदनी
रिपोर्ट में कहा गया है कि उमर मदनी लश्कर में नए आतंकियों को भर्ती करने का जिम्मा संभाल रहा है। उसका काम युवाओं का ब्रैनवॉश कर उन्हें आतंकी संगठन में शामिल कराना है। वाराणसी में उसने कुछ युवाओं को जोड़ने की कोशिश की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है वाराणसी
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए यह काफी संवेदनशील है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार यहां पर पैनी नजर रख रही हैं। इस साल जून में भी खुफिया एजेंसियों ने केंद्र सरकार को आतंकी संगठनों द्वारा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फैजाबाद में खतरे को लेकर आगाह किया था।

