इस्लामाबाद: पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) ने एक और भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी का दावा किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम पंजम तिवारी है और वह बनारस का रहने वाला है। उसके 10 साल पहले गैर-कानूनी तरीके से पाकिस्तान में दाखिल होने की बात कही गई है। पाक अधिकारियों ने शनिवार को पंजम की तस्वीर जारी की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने एक भारतीय की गिरफ्तारी का दावा किया था और उसका नाम लक्ष्मण बताया था। हालांकि, लक्ष्मण की कोई तस्वीर जारी नहीं की गई थी।
दोस्त की मदद से पाकिस्तान में घुसने का आरोप
जियो न्यूज चैनल की रिपोर्ट में दावा किया है कि 10 साल पहले पंजम की पहचान दुबई में एक पाक नागरिक कामरान से हुई थी। दोनों अच्छे दोस्त बन गए। इसके बाद पंजम गैर-कानूनी तरीके से पाकिस्तान आया। इसमें कामरान ने उसकी मदद की। इसके लिए पंजम ने बिलाल नाम से पाकिस्तान का पासपोर्ट और अन्य सरकारी दस्तावेज भी बनवाए। फिलहाल, वह गुजरांवाला इलाके में रह रहा था।
पाकिस्तानी लड़की से शादी भी की
एफआईए के डिप्टी डायरेक्टर आमिर नवाज ने कहा, “पंजम के पास से हमने पाकिस्तान का पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।” कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उसने बिलाल के नाम से सरकारी दस्तावेज हासिल किए और दोस्त कामरान की बहन से शादी कर ली थी। उसके 3 बच्चे भी हैं। तिवारी ने अपने बयान में कहा है कि उसने इस्लाम स्वीकार कर लिया है और वो भारत वापस नहीं जाना चाहता है।

