मुंबई:अपकमिंग फिल्म सुपर 30 के प्रमोशन में व्यस्त ऋतिक रोशन के खिलाफ साइबराबाद (हैदराबाद) में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आई. शशिकांत नाम के जिम यूजर ने एक जिम कंपनी और इसके ब्रांड एम्बेसर ऋतिक पर आरोप लगाया है कि वो वजन कम कराने और डेली वर्कआउट सेशन कराने के अपने वादे को पूरा करने में असफल रहे हैं। शिकायत इंडियन पैनल कोड के सेक्शन 406 और 420 के तहत दर्ज की गई है।
शिकायतपत्र में यह लिखा गया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायतपत्र में लिखा है कि कुकात्पल्ली के शेषाद्रीनगर निवासी आई. शशिकांत ने साइबराबाद के केपीबीएच पुलिस थाने में 22 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने दिसंबर 2018 में क्योर फिट जिम में डिस्काउंट रेट पर 17490 रुपए में एक साल की मेंबरशिप ली थी। सितंबर 2018 में शुरू हुई इस कंपनी ने अपने विज्ञापनों में दावा किया था कि वो असीमित घंटों की वर्कआउट क्लास और वेट लॉस ट्रीटमेंट देंगे। लेकिन उन्होंने प्रॉपर वर्कआउट सेशन नहीं दिए।
जिम में जरूरत से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
शिकायत में शशिकांत ने यह आरोप भी लगाया है कि जिम में कुल 1800 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। लेकिन वहां वर्कआउट सेशन देने के लिए पर्याप्त कार्पेट एरिया भी नहीं है। इसके अलावा तीन दिनों तक स्ट्रेच वर्कआउट सेशन उपलब्ध नहीं हैं, जिसकी वजह से हेल्थ को फायदा नहीं हो पा रहा है। कुकात्पल्ली के लोगों के साथ दुर्व्यवहार के साथ-साथ जिम सेंटर मानसिक तनाव भी दे रहा है।
यह है पुलिस का कहना
केपीएचबी के इंस्पेक्टर के. लक्ष्मी नारायण ने एक बातचीत में कहा, “शशिकांत ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें विज्ञापनों में किए गए वादों के मुताबिक प्रॉपर ट्रेनिंग नहीं दी जा रही है। उसने कंपनी के डायरेक्टर्स और एम्बेसडर ऋतिक रोशन पर धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया है। आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत एक्टर और तीनों डायरेक्टर्स मुकेश बंसल, अंकित नागोरी और शंमुगावल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।”

