पेरिस:रोजर फेडरर ने चार साल के बाद फ्रेंच ओपन में वापसी करते हुए इटली के लोरेंजो सोनेगो पर सीधे सेट में जीत हासिल की। जबकि जर्मनी की पांचवीं वरीय और मौजूदा विंबलडन चैंपियन एंजलिक कर्बर की करियर ग्रैंडस्लैम की उम्मीद पहले दौर में हारकर टूट गई। 20 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता फेडरर 2015 के बाद से इस टूर्नामेंट में नहीं खेले हैं, जिसमें वह क्वॉर्टरफाइनल में पहुंचे थे।
37 साल के खिलाड़ी ने एक घंटे 41 मिनट तक चले मुकाबले में 6-2 6-4 6-4 से जीत हासिल की। यह ग्रैंडस्लैम में उनकी पहले दौर में लगातार 60वीं जीत थी। अब वह जर्मनी के ओस्कर ओटे से भिड़ेंगे जिन्होंने टूर पर आठ वर्षों में अपने दूसरे मैच में जीत हासिल की। उन्होंने ट्यूनीशिया के मालेक जाजिरी को 6-3 6-1 4-6 6-0 से मात दी।
कर्बर की चुनौती रोलां गैरां में रूस की युवा अनास्तासिया पोटापोवा से हारकर समाप्त हो गई। पांचवीं वरीय विम्बलडन चैंपियन कर्बर को 18 साल की पोटापोवा ने अपने फ्रेंच ओपन पदार्पण में 6-4 6-2 से हराकर उलटफेर किया। 31 साल की कर्बर इस तरह फ्रेंच ओपन के पहले दौर में अब छह बार हार चुकी हैं।
स्पेन की 2016 चैम्पियन गार्बाइन मुगुरुजा ने नए कोर्ट पर अमेरिका की टेलर टाउनसेंड को पराजित किया। 19वीं वरीय मुगुरुजा ने 5-7 6-2 6-2 से जीत हासिल की। क्रोएशिया की 31वीं वरीय पेत्रा मार्टिच 2019 टूर्नामेंट में जीत हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी रहीं, उन्होंने पहले दौर में ट्यूनीशिया की ओंस जबोर को 6-1 6-2 से शिकस्त दी।
पहले ही दौर में प्रजनेश बाहर
भारत के शीर्ष पुरुष टेनिस खिलाड़ी प्रजनेश गुणेश्वरन को यहां साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम-फ्रेंच ओपन के पहले दौर में ही हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो जाना पड़ा। प्रजनेश को बोलिविया के हुगो डेलियन के हाथों 1-6, 3-6, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय खिलाड़ी एक घंटे 15 मिनट में ही यह मुकाबला गंवा बैठे। वर्ल्ड नंबर-86 प्रजनेश ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में अपना ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेला था।
वीनस को हराकर स्वितोलिना दूसरे दौर में
यूक्रेन की महिला टेनिस खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना ने अमेरिका की वीनस विलियम्स को हराकर साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम-फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौवीं सीड स्वितोलिना ने रविवार को टूर्नामेंट के अपने पहले दौर के मुकाबले में सात बार की ग्रैंड स्लैम विजेता वीनस को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी। दूसरे दौर में स्वितोलिना का सामना वर्ल्ड नंबर-67 और हमवतन कैटरीना कोजलोवा से होगा। स्वितोलिना यहां दो बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंची चुकी है। उन्होंने इस साल अब तक क्ले कोर्ट पर कोई खिताब नहीं जीता है।
सितसिपास, सिलिक दिमित्रोव ने दूसरे दौर में जगह बनाई
वर्ल्ड नंबर-6 ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास ने रविवार को यहां जारी साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली है। ग्रीस के युवा टेनिस खिलाड़ी ने पहले दौर के मैच में जर्मनी के मैक्सिमिलियन मारटेर को सीधे सेटों में 6-2, 6-2, 7-6 (7-4) से मात दी। पहले दो सेट में जर्मन खिलाड़ी के पास सितसिपास की बेहतरीन सर्विस और ग्राउंडस्ट्रोक्स का कोई जवाब नहीं था। ऑस्ट्रेलियन ओपन में स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर को मात देने वाले सितसिपास ने कुल 36 विनर्स लगाए और केवल 20 अनफोसर्ड एरर किए।
मारटेर ने 29 अनफोसर्ड एरर किए। हालांकि, तीसरे सेट में उनका खेल बेहतर हुआ और मुकाबला टाई-ब्रेकर तक गया जहां सितसिपास ने 7-4 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। यह मुकाबला कुल एक घंटे और 48 मिनट तक चला। दूसरी ओर, बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने भी प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली है। उन्होंने पांच सेट तक चले पहले दौर के एक बेहद कठिन मुकाबले में सर्बिया के यांको टिपासारेविक को 6-3, 6-०, 3-6, 6-7 (4-7), 6-4 से पराजित किया।
इससे पहले, वर्ल्ड नम्बर-11 क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने भी दूसरे दौर में प्रवेश किया। सिलिक ने इटली के थॉमस फेबियानो को सीधे सेटों में 6-3, 7-5, 6-1 से हराया। इस मैच के दौरान सिलिक ने 13 एस लगाए। फेबियानो ने हालांकि, सलिक की तुलना में कम अनफोसर्ड एरर किए।

