इस्लामाबाद: पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि उनका देश भारत की नई सरकार से सभी लंबित मुद्दों पर बातचीत को तैयार है। सरकारी रेडियो पाकिस्तान की खबर के अनुसार, कुरैशी ने शनिवार रात मुल्तान में एक इफ्तार पार्टी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों को क्षेत्र की समृद्धि और शांति के लिए बातचीत कर मुद्दों को सुलझाना चाहिए। बता दें कि इससे दो दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़े बहुमत से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है और जल्द नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
आपको बता दें कि आज यानी रविवार को ही विदेश मंत्रालय ने सूचना दी थी कि Lok Sabha Election 2019 में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर फिर से सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने फोन करके बधाई दी है। इमरान ने इस दौरान पीएम मोदी से दोनों देशों की बेहतरी के लिए मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की। वहीं पीएम मोदी ने इस दौरान क्षेत्र की शांति और समृद्धि के लिए आतंकवाद और हिंसामुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार पीएम मोदी ने इमरान खान को टेलीफोन कॉल और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और अपनी सरकार की ‘पड़ोसी पहले’ की नीति पर भी बात की। इस दौरान मोदी ने गरीबी से लड़ने के लिए खान को पहले दिए गए सुझाव का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि हमारे क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए सहयोग को बढ़ावा देने के लिए हिंसा मुक्त वातावरण बनाना आवश्यक है।
हालांकि रविवार से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरुवार को भी मोदी की जीत पर उन्हें बधाई दे चुके है। उन्होंने तब क्षेत्र की शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी। खान ने अंग्रेजी और उर्दू में ट्वीट कर कहा था, ‘मैं भाजपा और सहयोगी दलों की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देता हूं। दक्षिण एशिया में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए उनके साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।’
इससे पहले पाक प्रधानमंत्री ने अप्रैल में कहा था कि उन्हें विश्वास है कि अगर आम चुनाव में मोदी जीतते हैं तो भारत के साथ शांति वार्ता करने तथा कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए बेहतर अवसर मिल सकता है।
बता दें कि भारत में आम चुनाव के नतीजे पाकिस्तान के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि नई दिल्ली में नई सरकार भारत-पाकिस्तान के संबंधों के भविष्य की दिशा पर विचार करेगी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के संबंधों में दरार और बढ़ गई है।
उल्लेखनीय है, चुनाव परिणामों की घोषणा से एक दिन पहले ही कुरैशी और भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन परिषद के विदेश मंत्रियों की बैठक में एक दूसरे का हालचाल पूछा था। कुरैशी ने स्वराज को संवाद के माध्यम से सभी मुद्दों के समाधान की पाकिस्तान की इच्छा से अवगत कराया था।

