नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में करारी हार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इन राज्यों में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।
बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि राहुल इस बात से ज्यादा नाराज थे कि कांग्रेस शासित राज्यों में पार्टी की इतनी बुरी हार हुई है। उन्होंने हार के कुछ कारणों का भी उल्लेख किया और कहा कि हम इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।
चिंदबरम भावुक हुए
पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल ने जब अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की और कहा कि पार्टी किसी दूसरे नेता को अध्यक्ष चुन ले, तब वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के लोग आपसे बहुत मोहब्बत करते हैं। आपने इस्तीफा दिया तो दक्षिण में कुछ लोग आत्महत्या भी कर सकते हैं। बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष से इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया।
राफेल का मुद्दा भी उठाया
एक सदस्य ने बताया कि राहुल ने कहा कि अहम मुद्दे खासकर राफेल को जमीनी स्तर पर ले जाने में सफलता नहीं मिली है। हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने बैठक में जब अपने पद से त्यागपत्र की पेशकश की, तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। एक नेता ने कहा कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष जल्द पार्टी में आमूलचूल बदलाव करेंगे।
बेटों के हितों को पार्टी हित से ज्यादा तरजीह
राहुल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति भी अपनी नाराजगी जताई। एक नेता ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि कई नेताओं ने बेटों के हितों को पार्टी हित से अधिक तरजीह दी।

