नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव के दौरान इवीएम की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठाने वालों को चुनाव आयोग ने करारा जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब इवीएम को सील करने की प्रक्रिया पार्टी के लोगों के सामने हुई है, फिर आरोप लगाना बेबुनियाद है।
चुनाव आयोग ने कहा कि सभी मामलों में पार्टियों के उम्मीदवारों के सामने EVM और VVPAT को ठीक से सील करने का काम किया गया है। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है। इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सीएपीएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच सारी सामग्री रखी हुई है।
चुनाव आयोग ने कहा कि उम्मीदवारों को स्ट्रॉन्ग रूम को देखने की अनुमति है, लेकिन एक समय में एक ही व्यक्ति जा सकता है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने टेक्नोक्रेट्स के एक समूह द्वारा वीवीपैट को लेकर दायर एक जनहित याचिका को खारिज कर दिया है। शीर्ष अदालत की अवकाश पीठ को टेक्नोक्रेट्स द्वारा दायर याचिका को तथ्य विहीन करार दिया। दरअसल टेक्नोक्रेट्स के एक समूह द्वारा 23 मई को मतगणना के दौरान ईवीएम के साथ VVPAT पर्चियों के 100 फीसदी मिलान कराने की मांग की गई थी।
EVM के साथ सभी VVPAT पर्चियों के मिलान की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज

