पटना:भारतीय फुटबॉल में गुरुवार को एक सनसनीखेज रिकॉर्ड बना। लुधियाना में खेले जा रहे इंडियन वीमन लीग में गोकुलम केरल एफसी की अंजू तमांग 14वें सेकंड में गोल कर सबसे तेज गोल करने वाली भारतीय महिला फुटबॉलर बन गईं। वैसे इससे पूर्व भारतीय फुटबॉल में सबसे जल्द गोल करने का रिकॉर्ड पुणे एफसी के जेम्स मोगा के नाम है। 2012 में आईलीग फुटबॉल के दौरान यूनाइडेट सिक्किम के खिलाफ मोगा ने 10वें सेकंड में ही गोल कर सनसनी फैला दी थी।
इससे पूर्व यह रिकॉर्ड भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य रहे केरल के आईएम. विजयन के नाम था। उन्होंने 1999 में साउथ एशियन फुटबॉल में भूटान के खिलाफ मैच के 12वें सेकंड में ही गोल किया था। हालांकि किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में आधिकारिक रूप से सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड डेविड गुवालटियरी (8.3 सेकंड) के नाम है, जबकि फीफा वर्ल्ड कप में सबसे तेज गोल (11 सेकंड में) करने का कारनामा तुर्की के हैकेन सुकुर ने 2002 में किया था।
महिला फुटबॉल में तेज गोल करने का रिकॉर्ड नॉर्दन आयरलैंड की सिमोन मेगिल के नाम है। उन्होंने 2016 में जॉर्जिया के खिलाफ मैच के 11वें मिनट में ही गोल दाग दिया था।
वैसे, किसी भी स्तर के फुटबॉल मैच में सबसे जल्द गोल करने का रिकॉर्ड दो सेकंड का है। हालांकि यह आधिकारिक समय नहीं है। इस पर विवाद भी है। सर्बियन-2 जूनियर लीग के दौरान जीएसपी पोलेट बनाम डेरकोल के बीच मैच में यूके बैकी ने मात्र दूसरे सेकंड में ही गोल कर सबको हैरत में डाल दिया था।
क्या है फीफा का नियम
फीफा ने मैच शुरू करने के अपने नियम में बदलाव किया। इसके तहत मैच शुरू करने के लिए गेंद को पास देने की जरूरत नहीं है। कोई भी खिलाड़ी गेंद को बीच मैदान से सीधे गोल पोस्ट में हिट कर सकता है।
अंजू तमांग के नाम दर्ज हुआ सबसे तेज गोल का भारतीय रिकॉर्ड

