अमरोहा:टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां रविवार देर शाम अपनी बेटी के साथ अमरोहा स्थित अपने ससुराल पहुंची। शमी के परिवारवालों के विरोध के बावजूद हसीन जहां घर में घुसी। इस पर शमी के परिवार को पुलिस बुलानी पडी़। पुलिस ने हसीन जहां समेत तीन लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान काटा। इसके साथ ही पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर हसीन को भी अपने साथ ले गई थी। दोनों पक्षों से हसीन जहां के साथ ही शमी के पीआरओ पवन कुमार और एक अन्य का शांति भंग में चालान काटा गया है।
फिलहाल हसीन जहां महिला पुलिस की सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में हैं।
बता दें कि शमी की पत्नी हसीन जहां रविवार देर शाम अपनी सहसपुर अलीनगर आ पहुंची। उन्होंने शमी के घर में प्रवेश किया और एक कमरे में जाकर बैठ गईं। शमी के परिजनों ने विरोध जताते हुए हसीन को बाहर निकाल दिया। हसीन जहां के नजदीकी लोगों का कहना है कि शमी का घर उनकी ससुराल है, वह जब चाहे वहां आ सकती हैं, इससे उन्हें कोई रोक नहीं सकता। रविवार को भी बेटी आयरा द्वारा पिता शमी के घर चलने की जिद करने पर उनके यहां पहुंचने की बात कही।
यहां से क्या मतलब, मुरादाबाद है तुम्हारा घर
हसीन के शमी के घर पहुंचने के बाद हंगामे के हालात भी बने। बताया जाता है कि शमी के परिजनों ने हसीन से दो टूक कह दिया कि गांव के घर से उनका कोई ताल्लुक नहीं रहा है। उनका ठिकाना शमी के मुरादाबाद के नए घर में है, वह वहीं जाएं।
एक साल से चल रहा पति-पत्नी के बीच विवाद
सहसपुर अलीनगर निवासी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी का अपनी पत्नी हसीन जहां से बीते एक साल से विवाद चल रहा है। इसको लेकर आए दिन दोनों ही ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते रहते हैं। बीते आम चुनाव के लिए हुए मतदान के दिन भी हसीन शमी के पैतृक गांव सहसपुर अलीनगर में मतदान करने पहुंची थी। तब वह शमी के घर नहीं गई थी। करीब तीन दिन यहां गुजारने के बाद वह वापस लौट गईं थीं।
मोहम्मद शमी के घर में जबरन घुसीं हसीन जहां, पुलिस ने की यह कार्रवाई

