नई दिल्ली:चुनाव आयोग ने भारतीय सेना को ‘मोदी जी की सेना’ बताने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सोमवार को संज्ञान लिया। आयोग ने उत्तर प्रदेश निर्वाचन कार्यालय से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिए गए योगी आदित्यनाथ के इस बयान से संबंधित मीडिया रिपोर्टों पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है। आयोग ने गाजियाबाद के जिलाधिकारी को इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी इस मामले से जुड़े तथ्यों का विस्तृत ब्योरा राज्य निर्वाचन कार्यालय को मुहैया कराएंगे। निर्वाचन कार्यालय इसके आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट आयोग को सौंपेगा। उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद से सांसद और केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह के पक्ष में रविवार को चुनावी सभा के दौरान यह टिप्पणी की।
विपक्ष ने योगी को घेरा
कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना को ‘मोदी की सेना’ बोलकर जवानों के पराक्रम एवं शहीदों का अपमान तथा चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, आदित्यनाथ ने मोदी की सेना बोलकर हमारे शहीदों तथा हमारे बहादुर जवानों के पराक्रम एवं बलिदान का अपमान किया है। यह चुनाव आयोग के नियमों का भी उल्लंघन है।
ममता ने कहा सेना का अपमान हुआ है
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारतीय सेना को कथित तौर पर मोदी जी की सेना कहने पर उनकी आलोचना करते हुए कहा कि यह बल का अपमान है। बनर्जी ने भारतीय सेना को देश की संपत्ति बताया और कहा कि यह देशवासियों की है, साथ ही उन्होंने देशवासियों से आदित्यनाथ के बयान को खारिज करने के लिए एकजुट होने को कहा। इस देश के लोगों को इस बयान को खारिज करने के लिए एकसाथ आना चाहिए। इस बीच, भाकपा के राज्यसभा सदस्य डी राजा ने कहा कि भारतीय सेना को मोदी की सेना बताये जाने संबंधी टिप्पणी पर आयोग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। योगी का बयान बेहद आपत्तिजनक है।
सेना में भी नाराजगी
सेना में भी योगी के बयान को लेकर नाराजगी के संकेत हैं। यह जानकारी सूत्रों ने दी। नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल एल रामदास ने भी कहा कि वह योगी के बयान से निराश हैं। उन्होंने कहा कि सेना किसी शख्स की नहीं बल्कि पूरे देश की है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा नेता के बयान पर चुनाव आयोग का रुख करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) एचएस पनाग ने भी कहा, ऐसी टिप्पणियों से सेना का राजनीतिकरण होता है।
सीएम योगी के ‘मोदी जी की सेना’ टिप्पणी पर चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की

