नई दिल्ली:सरबजोत सिंह और ईशा सिंह ने 12वीं एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में क्रमश: पुरुषों और महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते जिससे ताइपै के ताओयुआन में चली रही इस प्रतियोगिता में चौथे दिन की समाप्ति के बाद भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या आठ हो गई है। सरबजोत ने अर्जुन चीमा और विजयवीर सिद्धू के साथ मिलकर जूनियर टीम वर्ग का स्वर्ण पदक भी जीता। भारत ने अब तक इस प्रतियोगिता में आठ स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं।
सरबजोत क्वालीफायर में 579 स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे और इसके बाद उन्होंने फाइनल में 237.8 का स्कोर बनाकर कोरिया के किम वूजोंग (236.6) को हराया। विजयवीर (217.5) ने कांस्य पदक जीता जबकि अर्जन चीमा चौथे स्थान पर रहे।
भारत के तीन निशानेबाजों ने मिलकर कुल 1718 का स्कोर बनाया और वे ताइपै के 1699 के स्कोर से काफी आगे रहे। ईशा लड़कियों के वर्ग में 576 अंक के साथ क्वालीफाईंग में शीर्ष पर रही। इसके बाद उन्होंने फाइनल में 240.1 का स्कोर बनाकर पहला स्थान हासिल किया। कोरिया की युन सियोनजियोंग (235) ने रजत पदक जीता।
भारत की हर्षदा निठावे और देवांशी धामा ने भी फाइनल में जगह बनाई, लेकिन वे क्रमश: पांचवें और आठवें स्थान पर रहे। इन तीनों का स्कोर हालांकि टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के लिये पर्याप्त था। कोरिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं, युवा भारतीय निशानेबाजों मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने शुक्रवार को अपने-अपने मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता। मनु और सौरभ दोनों के लिए टूर्नामेंट में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। मनु प्रतियोगिता के तीसरे दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम करने में सफल रहीं जबकि सौरभ ने पुरूषों के टीम स्पर्धा का पीला तमगा हासिल किया।
मनु ने 600 में से 575 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल में हांग कांग की शिंग हो चिंग से कड़ी टक्कर मिली लेकिन 24 निशाने के फाइनल में मनु ने 239 के मुकाबले शिंग 237.9 का स्कोर ही कर सकी। यूएई की वाफा अलाई ने कांस्य पदक जीता। फाइनल में जगह पक्की करने वाली एक अन्य भारतीय श्री निवेदिता छठें स्थान पर रही।
सरबजोत और ईशा को एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

