नई दिल्ली:तीसरे वरियता प्राप्त पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए इंडियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु दोनों गेम में बेहतर स्थिति में होने के बावजूद महिला एकल सेमीफाइनल में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैंपियन पारूपल्ली कश्यप को भी पुरुष एकल सेमीफाइनल में हार झेलनी पड़ी। दूसरी वरीय सिंधु को चीन की तीसरी वरीय और दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी ही बिंगजाओ के खिलाफ 55 मिनट में 21-23 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।
कश्यप का फाइनल में एक्सेलसन से मुकाबला
बिंगजियाओ के खिलाफ 14 मैचों में यह सिंधु की नौवीं हार है। पूर्व चैंपियन और दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल में दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी चीन के हुआंग युशियांग के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए एक घंटा और चार मिनट में 21-16 14-21 19-21 की जीत से दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। दुनिया के 55वें नंबर के खिलाड़ी कश्यप को हालांकि डेनमार्क के पूर्व विश्व चैंपियन और नंबर एक विक्टर एक्सेलसन के खिलाफ सीधे गेम में 11-21 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। कश्यप दूसरे गेम में एक समय 14-10 से आगे थे लेकिन इसके बावजूद गेम जीतने में नाकाम रहे।
फाइनल में बिंगजियाओ की भिड़ंत इंतानोन से
वर्ष 2017 के चैंपियन एक्सेलसन चौथी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे।
विक्टर एक्सेलसन टूर्नामेंट में अपने दूसरे खिताब के लिए कल फाइनल में श्रीकांत से भिड़ेंगे जिनके खिलाफ उन्होंने सात में से चार मैच जीते हैं। महिला एकल फाइनल में बिंगजियाओ का सामना दो बार की पूर्व चैंपियन और चौथी वरीय थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन से होगा जिन्होंने तीन गेम में चीन की सातवीं वरीय हेन हुई को 21-15 19-21 21-18 से हराकर तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई।

