नई दिल्ली:वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर बालाकोट में जैश-ए मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी शिविर को नष्ट करके दिखा दिया है कि भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है। यह हमला आतंकियों पर है, पाकिस्तान पर नहीं। लेकिन इसमें पाकिस्तान के लिए संदेश है। आतंकियों के लिए संकेत है कि वे चाहे कश्मीर में हों या पाकिस्तान में छुपे हों, हमारी फौज से बच नहीं पाएंगे। जबकि पाकिस्तान के लिए संदेश है कि यदि वह आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगा तो भारत खुद कर लेगा।
भारत द्वारा की गई इस दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक का महत्व इसलिए भी है क्योंकि इस बार उसने पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकी शिविर को नष्ट किया है। यह स्थान पाक के खैबर पख्तून-ख्वा प्रांत में है। जबकि पिछली बार सर्जिकल स्ट्राइक पाक अधिकृत कश्मीर में हुई थी। इसलिए पाकिस्तान को इस बार ज्यादा सख्त संदेश दिया गया है। वायुसेना का इस्तेमाल भी इसलिए किया गया, क्योंकि इस बार ऑपरेशन पाकिस्तान के भीतर तक जाकर करना था। ऐसे ऑपरेशन में सेना का इस्तेमाल सही नहीं होता।
इस हमले से कश्मीर में चल रहे आतंकवाद पर कितना फर्क पड़ेगा, अभी कहना मुश्किल है। अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है कि इस शिविर में कितने आतंकी मारे गए हैं। जैसी कि खबरें आ रही हैं कि तीन-चार सौ आतंकी वहां मौजूद थे। यदि वह मारे गए हैं तो जैश की कमर टूट जाएगी। यदि कम भी मारे गए हैं तो भी उसका शिविर तो तबाह हुआ ही है। उसका असर तो पड़ेगा ही। लेकिन एक अटैक से सब कुछ ठीक नहीं हो जाएगा। हमें कश्मीर के भीतर मौजूद आतंकियों का भी सफाया करना होगा। कश्मीर से बाहर चल रहे आतंकी शिविरों को नष्ट करने का अभियान जारी रखना होगा।
यहां एक बात और स्पष्ट करना चाहूंगा कि यह पाकिस्तान के खिलाफ हमला नहीं है। यह सिर्फ आतंक के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई है। हम पाकिस्तान से सिर्फ यह कह रहे हैं कि तुमने कार्रवाई नहीं की, इसलिए हम कर रहे हैं। इसलिए विदेश सचिव ने इसे गैर सैन्य कार्रवाई कहा है।
इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि हमारे देश के राजनीतिक नेतृत्व का रुख साफ है कि भारत के खिलाफ आतंक फैलाने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूत फैसला है। पहले के हुक्मरान इतने कड़े कदम नहीं उठा पाए। इसलिए आतंकी शिविर वहां चलते रहे। इस कार्रवाई से हमारे सुरक्षा बलों, आम जनता और राजनीतिकों का भी मनोबल बड़ा है। इसलिए समूचे विपक्ष ने भी इसका समर्थन किया है।

