चेन्नई। साहूकारपेट में विराजित मुनिश्री डॉ. पुलकित कुमार जी ठाणा-2 एवं किलपॉक में विराजित साध्वीश्री उदितयशा जी ठाणा-4 के पावन सानिध्य में ज्ञानशाला संपर्क पखवाड़ा के बैनर का विधिवत् अनावरण किया गया।
ज्ञानशाला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 26 जुलाई 2026 से 9 अगस्त 2026 तक देशभर में ज्ञानशाला संपर्क पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सभा के अंतर्गत संचालित 25 ज्ञानशालाओं में भी इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत क्षेत्रीय ज्ञानशाला की प्रशिक्षिकाएँ, कार्यकर्ता एवं ज्ञानशाला टीम अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे 4 से 14 वर्ष आयु के बालक-बालिकाओं के परिवारों से संपर्क करेगी। जो अभी तक ज्ञानशाला से नहीं जुड़े हैं, उनके अभिभावकों को ज्ञानशाला से मिलने वाली संस्कार, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराते हुए बच्चों को नियमित रूप से ज्ञानशाला भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समाज के सभी श्रावक-श्राविकाओं एवं तेरापंथ धर्मसंघ की सभी संघीय संस्थाओं से विनम्र अनुरोध है कि यदि उनकी जानकारी में समाज का कोई भी 4 से 14 वर्ष आयु के बालक या बालिका अभी तक ज्ञानशाला से नहीं जुड़ा है, तो कृपया उसकी जानकारी हमें उपलब्ध कराएँ, ताकि उस परिवार से संपर्क कर उन्हें भी ज्ञानशाला परिवार से जोड़ने का प्रयास किया जा सके।
आइए, हम सभी मिलकर अधिक से अधिक बच्चों को ज्ञानशाला से जोड़ने के इस संस्कार अभियान को सफल बनाएँ।
चेन्नई में ज्ञानशाला संपर्क पखवाड़ा का शुभारंभ, बैनर का अनावरण

