मुंबई:भारतीय दूरसंचार विनियामक आयोग (ट्राई) ने कहा है कि डीटीएच कंपनियों और केबल टीवी के ग्राहकों के लिए नई व्यवस्था लागू करने की समयसीमा नहीं बढ़ेगी। इससे ग्राहकों के पास नया पैकेज चुनने के लिए एक हफ्ते का ही वक्त बचा है।
नहीं बढ़ाई जाएगी समयसीमा
ट्राई ने कहा कि 40 फीसदी ग्राहक नया विकल्प चुन चुके हैं और कार्य पूरी तेजी से चल रहा है। लिहाजा समयसीमा बढ़ाने की कोई वजह नहीं है। हालांकि नियामक ने यह नहीं बताया कि 29 दिसंबर को घोषित नई टैरिफ योजना के बाद एक माह में जब 50 फीसदी ग्राहक इसे नहीं अपना पाए हैं, तो बाकी के सात दिन में सौ फीसदी ग्राहक मनपंसद चैनल चुनने का विकल्प कैसे ले पाएंगे। ट्राई के डीटीएच और केबल से जुड़े नए नियम एक फरवरी से लागू होने हैं। इस दिन से उपभोक्ता को सिर्फ उन चैनल के पैसे देने होंगे, जिन्हें वे नए प्लान में चुनेंगे।
किया वेब एप्लीकेशन लाॉन्च
ट्राई ने मनपंसद चैनल या पैकेज चुनने की समयसीमा तो नहीं बढ़ाई है, लेकिन टीवी उपभोक्ताओं को चैनल चुनने में सहूलियत देने के लिए एक वेब एप्लीकेशन लॉन्च किया है। इसके जरिए उपभोक्ता केवल और डीटीएच ऑपरेटर्स द्वारा दिए गए पैक्स और उसकी कीमतों का अंदाजा लगा सकेंगे। ट्राई के इस एप की मदद से उपभोक्ता अपनी पसंद के चैनल चुनने के बाद बिल का प्रिंट भी निकाल सकेंगे। वह इस प्रिंट को अपने केवल या डीटीएच ऑपरेटर्स को दे सकते हैं।

