बस्ती। ग्राहकों की गाढ़ी कमाई जमा कराने के नाम पर ऐसा खेल हुआ कि लोगों को वर्षों तक अपने पैसे का हिसाब ही नहीं मिला। दुबौलिया बाजार स्थित ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक पर 19 ग्राहकों के 3 लाख 26 हजार 656 रुपये हड़पने और फर्जी रसीदें देने के आरोप में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र का है। विशेषरगंज निवासी रविंद्र सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक जनवरी 2015 से 30 जून 2018 तक ग्राहक सेवा केंद्र पर एजेंट के रूप में काम करते थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों के डेली कलेक्शन खाते खुलवाए और प्रतिदिन ग्राहकों से जमा की गई रकम केंद्र पर पहुंचाते रहे। आरोप है कि केंद्र संचालक ने 19 ग्राहकों की कुल 3,26,656 रुपये की रकम का भुगतान नहीं किया। इसके बाद ग्राहक सेवा केंद्र भी बंद कर दिया गया। बाद में जानकारी हुई कि ग्राहकों को दी गई रसीदें फर्जी थीं और उनके नाम से आरडी खाते खोले ही नहीं गए थे। मामले में रविंद्र सोनी की तहरीर पर पुलिस ने दुबौलिया कस्बा निवासी केंद्र संचालक ध्रुव कुमार और एसबीआई शाखा दुबौलिया के प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि ग्राहकों की रकम कहां गई और फर्जी रसीदों के इस कथित खेल में किसकी क्या भूमिका रही।
सवाल यह है कि जिन लोगों ने रोज थोड़ा-थोड़ा जोड़कर अपनी बचत जमा की, उन्हें उनकी मेहनत की कमाई कब वापस मिलेगी?
आठ साल बाद खुला फर्जी रसीदों का खेल, 19 ग्राहकों के 3.26 लाख रुपये डकारने का आरोप
