अदाकारी से लेकर गायिकी तक, यूलिया वंतूर ने अपने हुनर के दम पर ऐसा सफर तय किया है, जिसने उन्हें अलग-अलग संस्कृतियों, भाषाओं और रचनात्मक दुनियाओं से रूबरू कराया है। अपने हुनर, गर्मजोशी और अंतरराष्ट्रीय आकर्षण से सबका ध्यान खींचने वाली यूलिया को दुबई में आयोजित छठे ‘द ईमिगाला फैशन एंड ब्यूटी अवॉर्ड्स 2026’ में ‘द स्टार ऑफ द नाइट’ यानी ‘रात की सबसे चमकती सितारा’ के खास खिताब से नवाजा गया। अलग-अलग तरह की रचनात्मक अभिव्यक्तियों को अपनाने वाली यूलिया ने संगीत की दुनिया में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनका संगीत किसी देश, भाषा या सरहद का मोहताज नहीं है। चाहे हिंदी हो, अंग्रेजी, अरबी या फिर उनकी मातृभाषा रोमानियाई, यूलिया का मानना है कि संगीत की अपनी एक सार्वभौमिक भाषा होती है, जो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को भावनाओं के जरिए जोड़ देती है।
पुरस्कार समारोह के दौरान यूलिया ने इस खास शाम का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी और आभार जाहिर किया। उन्होंने डॉक्टर मिशेल डाहर और माइकल डाहर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा शानदार मंच तैयार किया है, जहां अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और भाषाओं से जुड़े लोग एक साथ आते हैं और विविधता का जश्न मनाते हैं। अपने अब तक के सफर को याद करते हुए यूलिया ने कहा, “मेरा पूरा सफर ही बहुसांस्कृतिक विविधता से जुड़ा रहा है और मुझे यह बेहद पसंद है। फिल्मों और अपने संगीत की बदौलत मुझे गाने के कई मौके मिले। मैंने हिंदी, अंग्रेजी, अरबी और बेशक अपनी मातृभाषा रोमानियाई में भी गाया है। और इस सफर में मैंने एक बात सीखी है कि भाषा चाहे कोई भी हो, हमारी भावनाएं एक जैसी ही होती हैं।”
संगीत उनके लिए कितना मायने रखता है, इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसी गाने में छिपे जज्बात हर कोई महसूस कर सकता है, फिर भले ही उसे उस गाने की भाषा समझ आए या नहीं। इयूलिया के लिए संगीत सिर्फ शब्दों और धुनों का खेल नहीं, बल्कि दिलों को करीब लाने वाला एक खूबसूरत एहसास है। इस सम्मान को खास बताते हुए उन्होंने कहा, “एक बार फिर इस खूबसूरत पुरस्कार के लिए मुझे यहां बुलाने का बहुत-बहुत शुक्रिया। यह सम्मान मुझे अपने दिल की सुनने और उसी रास्ते पर आगे बढ़ने का और भी ज्यादा भरोसा देता है।” यह शाम फैशन, खूबसूरती, प्रतिभा और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नाम रही, जहां इयूलिया की मौजूदगी ने संगीत का एक खास रंग भी घोल दिया। ‘रात की सबसे चमकती सितारा’ का यह सम्मान उनके बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सफर की झलक तो है ही, साथ ही एक ऐसी कलाकार की पहचान भी है, जो आज भी अपने दिल की आवाज सुनकर आगे बढ़ना पसंद करती हैं।
बॉलीवुड से ग्लोबल मंच तक, यूलिया वंतूर ने ईमिगाला 2026 में बिखेरा जलवा, बनीं ‘द स्टार ऑफ द नाइट’!

