फिल्ममेकर और ‘हाती हाती पा पा’ के प्रोड्यूसर अरुणव मिड्या के लिए बेलारूस तक फिल्म का सफर सिर्फ किसी फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड जीतने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह उनके लिए एक बेहद खास और यादगार अनुभव बन गया। भारत की मिट्टी से निकली एक कहानी जब सरहदों को पार कर विदेशी दर्शकों तक पहुंची और वहां भी उसे दिल खोलकर प्यार मिला, तो यह पूरी टीम के लिए गर्व का पल बन गया।
32वें मिन्स्क इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ‘लिस्टापैड’ में ‘लव यू, डैड’ के नाम से दिखाई गई इस बंगाली फिल्म ने फिक्शन फिल्म कैटेगरी में बेस्ट साउंड (ओरिजिनल स्कोर) का अवॉर्ड अपने नाम किया। फेस्टिवल डिप्लोमा में इस सम्मान के लिए रानाजॉय भट्टाचार्य और अनिर्बान दास के नाम दर्ज हैं। वहीं, फिल्म के क्रेडिट्स में रानाजॉय भट्टाचार्य और अनिर्बान अजय दास को म्यूजिक कंपोजर के तौर पर श्रेय दिया गया है।
सेल्युलॉइड फिल्म्स के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस करने वाले अरुणव मिड्या ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “लिस्टापैड में मौजूद रहना और वहां के दर्शकों को हमारी फिल्म को इतने प्यार से अपनाते देखना बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव था। यह सम्मान पूरी टीम के लिए गर्व की बात है, खासकर रानाजॉय भट्टाचार्य और अनिर्बान अजय दास के लिए, जिनके संगीत ने कहानी में भावनाओं की एक अलग ही आवाज जोड़ दी। इस फिल्म को पर्दे तक पहुंचाने में हर एक शख्स का अहम योगदान रहा है।”
अर्नब के. मिड्या के निर्देशन में बनी ‘हाती हाती पा पा’ में रुक्मिणी मैत्रा और चिरंजीत चक्रवर्ती लीड रोल में हैं। फिल्म की कहानी एक बेटी और उसके पिता के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। प्यार, परवाह और पीढ़ियों के बीच के खूबसूरत रिश्ते को बयां करती यह कहानी ऐसी भावनाओं को छूती है, जिन्हें समझने के लिए किसी भाषा या सरहद की जरूरत नहीं होती।
फिल्म की स्ट्रैटेजिक पार्टनर जयिता घोष के मुताबिक, यह पहचान इस बात का सबूत है कि सिनेमा किस तरह अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को एक-दूसरे के करीब ला सकता है। जयिता घोष, जयिता स्ट्रैटेजिया (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड की फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनका काम इंटरनेशनल कल्चरल और फिल्म इंडस्ट्री के बीच नए रिश्ते और कनेक्शन बनाने पर केंद्रित है।
जयिता घोष ने कहा, “भारतीय फिल्मों को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचना चाहिए और वहां के दर्शकों से जुड़ना चाहिए। सिनेमा सॉफ्ट पावर का एक बेहद ताकतवर जरिया है। हमारी भाषाएं अलग हो सकती हैं, हमारी परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन प्यार, इंतजार और अपनापन जैसी भावनाएं हम सभी समझते हैं। सिनेमा इन्हीं साझा भावनाओं को लोगों के बीच एक खूबसूरत पुल बना देता है।” जयिता, अपनी कंपनी जयिता स्ट्रैटेजिया के आईपी ‘सिनेमा कनेक्ट’ के जरिए फिल्मों के लिए इंटरनेशनल प्रोग्रामिंग, सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन और क्रॉस-बॉर्डर पार्टनरशिप के नए रास्ते तैयार कर रही हैं। ‘हाती हाती पा पा’ के साथ उनकी यह स्ट्रैटेजिक साझेदारी फिल्म के इंटरनेशनल सफर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। गौरतलब है कि 32वें लिस्टापैड फिल्म फेस्टिवल का आयोजन बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में हुआ, जहां 55 देशों की कुल 139 फिल्मों को प्रदर्शित किया गया। अब ‘हाती हाती पा पा’ बेलारूस में थिएट्रिकल रिलीज के लिए भी तैयार है, यानी वहां के दर्शक भी जल्द ही इस भारतीय कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का लुत्फ उठा सकेंगे।
‘हाती हाती पा पा’ ने बेलारूस में गाड़ा भारत का झंडा, लिस्टापैड फिल्म फेस्टिवल में मिला बड़ा सम्मान!

