विलेपार्ले {मुंबई} विकास धाकड़/नववर्ष के शुभारंभ पर गोयल भवन के प्रांगण में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी शु सुशिष्या साध्वी श्री राकेश कुमारी जी, साध्वी श्री मलय विभा जी, साध्वी श्री विपुल यशा जी एवं साध्वी श्री चेतस्वी प्रभा जी के पावन सान्निध्य में मंगलपाठ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर साध्वी श्रीजी ने मंगलकामना करते हुए कहा कि आने वाला वर्ष सभी के लिए उर्ध्वारोहण के नए द्वार खोले। जीवन स्थानीय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे और सभी नए कीर्तिमान स्थापित करें।
स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए मधुर व्यवहार और कुशल आचरण को जीवन में अपनाते हुए सभी के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। इसके पश्चात साध्वी श्रीजी ने विभिन्न मंगलकारी मंत्रोच्चार किया। मंत्रों की आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मक स्पंदनों से पूरा परिसर भक्तिमय और ऊर्जामय हो उठा। उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने शांत भाव से, एकाग्रचित्त होकर एवं नेत्र बंद कर मंत्रों का श्रवण किया और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम में विलेपार्ले के साथ सांताक्रूज, बांद्रा, खार एवं अंधेरी से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति रही। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंगलपाठ के पावन श्रवण के साथ सभी ने नववर्ष का शुभारंभ सकारात्मकता, आध्यात्मिक ऊर्जा एवं मंगलकामनाओं के साथ किया। पुरे समाज की सराहनीय सहभागिता रही।
नूतनवर्ष के शुभारंभ पर श्रावक समाज को साध्वी श्रीजी ने प्रदान किया मंगलपाठ

