विक्रमजोत, बस्ती। शासन के विशेष सचिव एवं आईएएस अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विक्रमजोत ब्लॉक का सघन निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण कार्यक्रमों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत ब्लॉक मुख्यालय पर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक से हुई। इसके बाद विशेष सचिव की टीम प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र देवखर पहुंची। यहां विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बलराम सिंह ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर विशेष सचिव का स्वागत किया। विशेष सचिव ने प्रतिमा गर्भवती महिला को अपने हाथों से प्रदान की। इसके बाद टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंची, जहां विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। विशेष सचिव ने स्वयं अस्पताल के विशेष कक्ष का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के अगले चरण में टीम केशवपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। यहां भी गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार और सीडीपीओ बलराम सिंह ने विशेष सचिव को पोषण संबंधी गतिविधियों, विभागीय योजनाओं और उनके क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेष सचिव ने आईसीडीएस टीम के कार्यों की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय केशवपुर का निरीक्षण किया। यहां स्मार्ट क्लास, लर्निंग बाय डूइंग प्रयोगशाला और शौचालय सहित विभिन्न सुविधाओं की बारीकी से जांच की। इससे पहले देवखर स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया था, जहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखकर विशेष सचिव संतुष्ट नजर आए। विशेष सचिव के इस दौरे को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जमीनी हकीकत परखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक संसाधनों और मातृ-शिशु पोषण से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
