लखनऊ:- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे देर से उठाया गया सही कदम बताया है।
मायावती ने कहा कि सरकार को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से समय पर पूरा करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षित पदों के बैकलॉग को भरने के लिए भी सरकार स्पष्ट घोषणा करे।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकारी नौकरियों की भर्ती समय से पूरी होनी चाहिए, ताकि युवाओं को इसका वास्तविक लाभ मिल सके और यह घोषणा केवल चुनावी वादा या छलावा बनकर न रह जाए।
मायावती ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आरक्षण नियमों को लेकर करीब 6,800 अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनके मामले पर गंभीरता और सहानुभूति के साथ विचार करते हुए उचित समाधान निकालना चाहिए।
