विकास धाकड़/मुंबई। साध्वी श्री राकेश कुमारी जी आदि ठाणा-4 के सान्निध्य में पचरंगी तप की अनुमोदना का कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार मंत्र से हुई। तत्पश्चात साध्वी श्री राकेश कुमारी जी ने उत्तराध्ययन सूत्र पर प्रेरणादायी प्रवचन प्रदान किया।इसके बाद अनुमोदना कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विले पार्ले महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। साध्वी श्री विपुल यशा जी ने सभी तपस्वियों की अनुमोदना करते हुए गुरुदेव के आशीर्वाद एवं साध्वीश्री जी की प्रेरणा से चल रही इस तपस्या की सराहना की। ठाणे से विनोद जी कोठारी एवं विले पार्ले से रेखा जी कोठारी ने तपस्वियों की अनुमोदना करते हुए उनके तप के प्रति श्रद्धा एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। इसी क्रम में सभी साध्वीयों ने स्वरचित अत्यंत सुमधुर एवं भावपूर्ण गीत का संगान तपस्वियों की अनुमोदना के लिए किया, जिसने पूरे वातावरण को श्रद्धा एवं भक्ति के भावों से भर दिया।
साध्वी श्री राकेश कुमारी जी ने प्रेरणा देते हुए तपस्या के आध्यात्मिक महत्व को बताया। तप कर्मों की निर्जरा का प्रभावी माध्यम है। तप से आत्मा की उज्ज्वलता बढ़ती है, कर्मों का क्षय होता है और भावों की शुद्धि होती है। तपस्वियों की अनुमोदना करना भी स्वयं की निर्जरा का सुंदर माध्यम है। इस पचरंगी तप में विले पार्ले, सांताक्रूज़, अंधेरी, खार एवं बांद्रा क्षेत्र से अनेक तपस्वियों ने सहभागिता निभाई। तपस्वियों की सामूहिक अनुमोदना से पूरा वातावरण श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया तथा पूरी सभा अनुमोदना के जयघोष से गूंज उठी। इसके पश्चात अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में रक्षाबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
विले पार्ले के जैन संस्कारक गंभीर मल जी डागलिया एवं जैन संस्कारक जसराज जी राठौड़ ने कार्यशाला का संयोजन किया। उन्होंने जैन संस्कार विधि की महत्ता बताते हुए मंगल भावना एवं लोगस्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सभी को प्रतिदिन मंगल भावना और लोगस्स का पाठ करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर प्रेम, सौहार्द एवं मंगल भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन साध्वी श्री मलय विभा जी ने किया। पचरंगी तप की अनुमोदना एवं रक्षाबंधन कार्यशाला का यह आयोजन श्रद्धा, तप, संस्कार और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर संगम बनकर संपन्न हुआ।
विलेपार्ले {मुंबई} में पचरंगी तप की अनुमोदना एवं रक्षाबंधन कार्यशाला का सुंदर आयोजन

