बेंगलुरु। आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी श्री पावन प्रभा जी आदि ठाणा-2 का जीतो (जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन) बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर के नवीन कार्यालय में प्रथम बार मंगल पदार्पण हुआ। इस अवसर पर साध्वी श्री के पावन पदार्पण से संपूर्ण कार्यालय का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं मंगलभावना से अनुप्राणित हो उठा।
जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के अध्यक्ष श्री विमल कटारिया, कार्यालय संयोजक श्री रमेश बोहरा, कोषाध्यक्ष श्री नरेंद्र आच्छा, श्री धर्मेंद्र बरलोटा एवं अन्य पदाधिकारियों ने साध्वी श्री का विनम्र भाव से स्वागत किया। इसके पश्चात पदाधिकारियों ने साध्वी श्री को नवीन कार्यालय का विस्तृत अवलोकन कराया तथा जीतो की स्थापना, उद्देश्यों, विभिन्न सेवा, सामाजिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान साध्वी श्री को जीतो द्वारा संचालित माइनॉरिटी पहल से संबंधित विशेष पुस्तक भी भेंट की गई। पदाधिकारियों ने पुस्तक की विषय-वस्तु एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी, जिसे साध्वी श्री ने अत्यंत रुचि एवं प्रसन्नता के साथ सुना।
अपने प्रेरक उद्बोधन में साध्वी श्री पावन प्रभा जी ने कहा कि “जब आध्यात्मिक मूल्यों के साथ सेवा, संगठन और समाजहित का समन्वय होता है, तब ऐसे संस्थान समाज के लिए प्रेरणा के केंद्र बनते हैं। जीतो का यह नवीन कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज के विकास, संस्कार, सहयोग और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बने। संगठन निरंतर मानवता, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रीय उत्थान के कार्यों में अग्रसर रहे तथा आध्यात्मिक मूल्यों के साथ समाज को नई दिशा प्रदान करता रहे।”
इस अवसर पर जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के अध्यक्ष श्री विमल कटारिया ने कहा कि “पूज्य साध्वी श्री के प्रथम मंगल पदार्पण से हमारा नवीन कार्यालय धन्य हो गया। उनके आशीर्वचन हमें समाज, सेवा और संगठन के कार्यों को और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते रहेंगे।” कार्यालय संयोजक श्री रमेश बोहरा ने कहा कि “यह हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य एवं गर्व का विषय है कि नवीन कार्यालय में पूज्य साध्वी श्री का प्रथम आगमन हुआ। उनके पावन सान्निध्य एवं मंगल आशीर्वाद से हमें विश्वास है कि यह कार्यालय समाजहित, सेवा, संस्कार और संगठनात्मक गतिविधियों का एक सशक्त केंद्र बनेगा।” पूज्य साध्वी श्री के पावन पदार्पण एवं मंगल आशीर्वाद से जीतो बेंगलुरु नॉर्थ का नवीन कार्यालय आध्यात्मिक उल्लास से अनुप्राणित हो उठा। उपस्थित पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक वंदना कर उनके आशीर्वचन ग्रहण किए तथा समाज एवं संगठन के सेवा कार्यों को और अधिक समर्पण भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के नवीन कार्यालय में आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी श्री पावन प्रभा जी का प्रथम मंगल पदार्पण

