श्री डूंगरगढ़। समण संस्कृति संकाय एवं अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्यक दर्शन कार्यशाला–2026 के अंतर्गत ‘तेरापंथ दर्शन’ पुस्तक का विमोचन किया गया। यह कार्यशाला प्रतिवर्ष आचार्यों की प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक कृतियों पर आधारित विषयों के माध्यम से श्रावक-श्राविकाओं एवं युवाओं में तत्त्वज्ञान, स्वाध्याय एवं सम्यक दृष्टि के विकास हेतु आयोजित की जाती है।
इस वर्ष सम्यक दर्शन प्रतियोगिता के लिए पुस्तक ‘तेरापंथ दर्शन’ निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य तेरापंथ दर्शन के मूल सिद्धांतों का व्यापक अध्ययन करवाना तथा युवाओं एवं समाज में अध्ययनशीलता और आध्यात्मिक जागरूकता का विस्तार करना है।
कार्यक्रम सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वीश्री लक्ष्यप्रभाजी के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। अपने उद्बोधन में साध्वीश्री ने कहा कि तेरापंथ दर्शन का नियमित अध्ययन व्यक्ति के चिंतन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है तथा आत्मकल्याण और व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम बनता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नियमित स्वाध्याय कर प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समण संस्कृति संकाय प्रभारी पवनजी बरड़िया, क्षेत्रीय प्रभारी मधु जी झाबक, तेरापंथ युवक परिषद, श्री डूंगरगढ़ के मंत्री पीयूष बोथरा, सहमंत्री सुमित बरड़िया उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि सम्यक दर्शन कार्यशाला* समण संस्कृति संकाय एवं अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का संयुक्त उपक्रम है।
प्रतियोगिता का निर्धारित पाठ्यक्रम ‘तेरापंथ दर्शन’ पुस्तक एवं उस पर आधारित प्रवचन श्रृंखला है। प्रतिभागियों के व्यवस्थित स्वाध्याय के लिए 12 जुलाई 2026 से तेरापंथ दर्शन व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से ऑनलाइन अध्ययन प्रारंभ कर दिया गया है। विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता की ऑनलाइन परीक्षा 6 सितम्बर 2026 को SAMBODHI App के माध्यम से आयोजित की जाएगी। भारत एवं विदेश से प्रतिभागी इस परीक्षा में ऑनलाइन सम्मिलित हो सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को स्थानीय तेरापंथ युवक परिषद अथवा कार्यशाला सहयोगी के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक प्रतिभागी ‘तेरापंथ दर्शन’ पुस्तक प्राप्त करने के लिए अपने स्थानीय तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष, मंत्री अथवा कार्यशाला सहयोगी से संपर्क कर सकते हैं। सहायता के लिए +91 85059 59787 पर संपर्क किया जा सकता है। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद ने देश-विदेश के सभी युवाओं एवं श्रावक-श्राविकाओं से इस ज्ञानवर्धक कार्यशाला एवं प्रतियोगिता में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर स्वाध्याय की इस आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।
सम्यक दर्शन कार्यशाला , ‘तेरापंथ दर्शन’ पुस्तक का हुआ विमोचन

