- कप्तानगंज थाना के हरदी गांव की घटना, माँ ने भी की आत्महत्या की कोशिश
राजकुमार गौतम, दुबौला, बस्ती। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की दुबौला चौकी अंतर्गत हरदी गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक मां ने अपने 6 वर्षीय बेटे का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया।
जानकारी के अनुसार हरदी गांव निवासी संदीप सिंह की पत्नी कीर्ति ने अपने पुत्र प्रभव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद कीर्ति ने खुद को भी घायल कर लिया। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कीर्ति की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व संदीप सिंह के साथ हुई थी। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
https://www.facebook.com/share/r/1SsNx3qKLp/?mibextid=wwXIfr

