बैंगलोर। जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के अंतर्गत लेडीज विंग द्वारा, केकेजी ज़ोन के सहयोग से तथा “सक्षम” (कौशल विकास) वर्टिकल के अंतर्गत 15 दिवसीय “स्पीक एंड शाइन” (बोलें और निखरें) स्पोकन इंग्लिश एवं आत्मविश्वास निर्माण कार्यशाला का आयोजन 21 अप्रैल से 5 मई 2026 तक ज़ूम के माध्यम से सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के साथ हुआ। लेडीज विंग चेयरपर्सन श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद कौशल व्यक्तित्व विकास की कुंजी है तथा निरंतर सीखना और स्वयं में निवेश करना सफलता का आधार बनता है। केकेजी ज़ोन जेएलडब्ल्यू कन्वेनर श्रीमती पिंकी जैन ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल भाषा कौशल ही नहीं बढ़ाते, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी निखारते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास करने और सीखी गई बातों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यशाला में लगभग 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जिनमें बैंगलोर के साथ-साथ दावणगेरे, बेलगाम, सिंधनूर एवं गुजरात के वलसाड से भी प्रतिभागी जुड़े। कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक स्पोकनप्रो इंस्टीट्यूट के संस्थापक, प्रशिक्षक एवं करियर काउंसलर श्री लक्ष्मीकांत ने अपने सत्रों में सरल एवं प्रभावी तकनीकों के माध्यम से अंग्रेज़ी बोलने की कला सिखाई। उन्होंने कहा कि अंग्रेज़ी बोलना कठिन नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास से मात्र तीन महीनों में अच्छा वक्ता बना जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रभावी संप्रेषण में 60 प्रतिशत वॉइस मॉड्यूलेशन, 20 प्रतिशत आत्मविश्वास तथा 20 प्रतिशत भाषा ज्ञान का योगदान होता है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने इस 15 दिवसीय कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में भी अपनी अंग्रेज़ी बोलने की यात्रा जारी रखने की इच्छा व्यक्त की। केकेजी ज़ोन चेयरमैन श्री प्रवीण बाफना एवं चीफ सेक्रेटरी श्री दिलीप जैन ने इस पहल के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। वहीं जीतो बैंगलोर नॉर्थ चेयरमैन श्री विमल कटारिया एवं चीफ सेक्रेटरी श्री विजय सिंघवी ने सफल आयोजन पर बधाई दी। मुख्य सचिव श्रीमती रक्षा छाजेड़ ने गरिमापूर्ण मंच संचालन किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्रीमती मीना बड़ेरा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती तनुजा मेहता की सक्रिय उपस्थिति रही। सह संयोजिका श्रीमती दीपू मांडोत ने मुख्य प्रशिक्षक का परिचय दिया तथा अंत में संयोजिका श्रीमती मधु कटारिया ने प्रभावी संचालन के साथ आभार व्यक्त किया। जीतो लेडीज विंग बैंगलोर नॉर्थ की यह पहल सदस्यों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास वृद्धि एवं सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक एवं सराहनीय प्रयास रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
जीतो बैंगलोर नॉर्थ लेडीज विंग द्वारा महिलाओं के व्यक्तित्व विकास हेतु “स्पीक एंड शाइन” कार्यशाला

