आशापूरा। आउवा मंडल की वार्षिक संगोष्ठी 5 फरवरी 2026 को आशापूरा माताजी मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ माताजी के दर्शन, पूजा, आराधना एवं माता जी के भजनों के सामूहिक संगान के साथ हुआ, जिसमें मंडल की सभी सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। सम्पूर्ण वातावरण भक्ति, एकता एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
संगोष्ठी का प्रारंभ मंगलाचरण नवकार महामंत्र के सामूहिक संगान से हुआ। मंडल की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष श्रीमती कांता के रायसोनी ने सभी का स्वागत किया। मंत्री श्रीमती पिंकी रायसोनी ने गत दो वर्षों की मंडल रिपोर्ट प्रस्तुत की, वहीं कोषाध्यक्ष श्रीमती शंखेश्वरी बरलोटा ने आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा सदन के समक्ष रखा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्रीमती वसंता एन. रायसोनी एवं सहमंत्री श्रीमती मंजु रायसोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 
कार्यक्रम के दौरान मंडल के भविष्य, विकास एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा-परिचर्चा हुई। सदस्यों ने नियमों के पालन एवं मंडल की प्रगति हेतु सामूहिक रूप से संकल्प लिया तथा सुझाव आमंत्रित किए गए, जिससे आने वाले समय में मंडल की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। संगोष्ठी के अंत में सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। श्रीमती मंजु चण्डालिया को अध्यक्ष, श्रीमती मधु पावेचा को उपाध्यक्ष, श्रीमती हर्षा चोपड़ा को मंत्री, श्रीमती सविता पी. पोरवाल को सहमंत्री एवं श्रीमती राखी सुंदेशामुथा को कोषाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्वमंत्री बिन्दु रायसोनी ने किया । संगोष्ठी का समापन माताजी के आशीर्वाद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
आउवा मंडल की वार्षिक संगोष्ठी आशापूरा माताजी मंदिर परिसर में श्रद्धा व सौहार्द के साथ आयोजित

